आजमगढ़ स्कूल छात्रा की मौत पर प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन की मांग, कहा- स्कूल सुरक्षा बिल लाए यूपी सरकार
अमृत विचार, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज यानी 8 अगस्त को सभी प्राइवेट स्कूल बंद है। एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स उत्तर प्रदेश और प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर आज सभी स्कूल संचालकों ने स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। यह फैसला एसोसिएशन ने चिल्ड्रेन गर्ल्स स्कूल आजमगढ़ में कक्षा 11 की छात्रा के आत्महत्या करने के मामले में स्कूल के एक टीचर और प्रिंसिपल की गिरफ्तारी के विरोध में किया गया है। हालांकि इस दौरान स्कूल में टीचर और स्टाफ मौजूद रहा और काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। वहीं एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स उत्तर प्रदेश ने यूपी सरकार से स्कूल सुरक्षा बिल या इस संबंध में गाइडलाइन लाने की अपील की है।
एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ अतुल कुमार श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि छात्रा के आत्महत्या की घटना काफी दुखद है। जिसको लेकर एसोसिएशन आज का दिन काला दिवस के रूप में मना रहा है और इस घटना में बिना जांच के एक टीचर और प्रिंसिपल को जेल में बंद कर दिया गया है उसका भी विरोध जता रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में बच्चों की मानसिक स्थिति को मजबूत करने की आवश्यकता है। ऐसे में पैरेंट्स और टीचर दोनों को इस पर काम करना होगा।
अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हम इस घटना के बाद यूपी सरकार से स्कूल सुरक्षा बिल या इस संबंध में गाइडलाइन लाने की अपील करते हैं। जिसको लेकर हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को ज्ञापन सौपेंगे। वहीं प्रेस वार्ता के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष के साथ साथ उपाध्यक्ष मंसूर हसन खान, सचिव बृजेंद्र शर्मा, संयुक्त सचिव पूनम, कोषाध्यक्ष राम बिलास समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- आजमगढ़ छात्रा की मौत के बाद स्कूल बंदी पर अनिल राजभर का बयान, कहा- हर तरह से विद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी
