नैनीताल की माल रोड पर फिर पड़ी 10 मीटर से अधिक लंबी दरार
ऐतिहासिक माल रोड के सामने अस्तित्व का खतरा
2018 में 20 मीटर सड़क का हुई थी क्षतिग्रस्त
नैनीताल, अमृत विचार। माल रोड पर लगातार खतरा तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को शहर की माल रोड पर करीब 10 मीटर लंबी दरार पड़ गई है।
बताते चलें कि लोअर माल रोड का 25 मीटर हिस्सा 18 अक्टूबर 2018 को भूस्खलन के चलते क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद से लगातार माल रोड के विभिन्न हिस्सों में दरारें पड़ रही हैं। लेकिन पांच साल बीत जाने के बावजूद अब तक सड़क का स्थाई ट्रीटमेंट कार्य शुरू नहीं हो सका। इसके चलते लगातार माल रोड पर दरारें बढ़ रही हैं।
इससे शहर की ऐतिहासिक और ब्रिटिश कालीन माल रोड के सामने अब फिर से एक बड़ा खतरा मंडराने लगा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना ने बताया कि सड़क के स्थाई उपचार की जिम्मेदारी टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड (टीएचडीसी) को दी है।
टीएचडीसी की टीम ने नैनीताल पहुंचकर शहर की माल रोड का गहनता से निरीक्षण कर तीन करोड़ पचास लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर विभाग को दिया है। इससे अब मॉल रोड का स्थाई उपचार हो सकेगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना का कहना है कि शासन ने संस्तुति देते हुए सड़क के स्थाई उपचार के लिए बजट जारी कर दिया है जल्द ही सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
