हल्द्वानी: फिल्टर प्लांट ठप होने से 40 हजार की आबादी पर पानी का संकट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला बैराज में मलबा आने के कारण शीशमहल स्थित फिल्टर प्लांट से गुरूवार को भी पानी की आपूर्ति ठप रही। प्लांट ठप होने से नैनीताल रोड, रामपुर रोड, बरेली रोड, राजपुरा, गांधीनगर, दमुवाढूंगा, बिठौरिया, ऊंचापुल क्षेत्रों में पानी की सबसे अधिक किल्लत रही।

इससे लगभग 40 हजार की आबादी पर जलसंकट गहरा गया है। गुरुवार को इन क्षेत्रों में जल संस्थान ने टैंकरों से पानी की आपूर्ति की। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रविशंकर लौशाली ने बताया कि पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से चलाने के लिए विभागीय टैंकरों के साथ ही सभी प्राइवेट टैंकरों की मदद ली जा रही है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार को 35 टैंकरों से पानी की आपूर्ति की गई। बताया कि जिन क्षेत्रों में ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति होती है वहां सुचारू रूप से पानी मिल रहा है। गांधीनगर क्षेत्र में पानी की किल्लत होने पर जल संस्थान के पर्याप्त टैंकर  न भेजने पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई।

पार्षद रोहित ने बताया कि प्लांट बंद होने से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। विभाग क्षेत्र में पर्याप्त टैंकर नहीं भेज रहा है। जिस पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रविशंकर लौशाली ने पर्याप्त टैंकर भेजने का आश्वासन दिया। दूसरी तरफ रकसिया नाले के तेज बहाव के कारण दमुवाढूंगा में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है जिससे विभाग को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। 

संबंधित समाचार