रुद्रपुर: एसटीएफ-पुलभट्टा पुलिस ने दबोचा अंतरराज्यीय स्मैक सौदागर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रदेश की सबसे बड़ी बरामदगी 537 ग्राम स्मैक बरामद

54 लाख रुपये आंकी गई है बरामद स्मैक की कीमत

रुद्रपुर, अमृत विचार। एसटीएफ और थाना पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने प्रदेश की सबसे बड़ी स्मैक बरामदगी के सौदागर को भारी मात्रा के साथ गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी कीमत बाजार में लाखों रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 

शुक्रवार को एसएसपी मंजूनाथ टीसी, एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोडके, एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ एसटीएफ सुमित पांडे और सीओ किच्छा ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि गुरुवार की शाम को थाना पुलभट्टा प्रभारी कमलेश भट्ट, बरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार, एसटीएफ सीओ सुमित पांडे और एएनटीएफ प्रभारी पावन स्वरूप ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन चलाया।

टीम ने पुलभट्टा इलाके के सीमावर्ती इलाकों में चेकिंग कर रही थी। अचानक उनकी नजर एक शख्स पर पड़ी जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। टीम ने मुस्ताक अली उर्फ पिंटू ग्राम निहारगोट पोस्ट टनकपुर चंपावत व हाल निवासी ग्राम रजागंज पूरनपुर पीलीभीत यूपी के कब्जे से 537 ग्राम स्मैक बरामद की।

जिसकी बाजार में कीमत 54 लाख रुपये आंकी गई है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि जनपद पुलिस की यह कार्रवाई प्रदेश की सबसे बड़ी स्मैक बरामदगी की कार्रवाई है। इस दौरान एसएसपी ने टीम को 2500 रुपये का इनाम भी घोषित करते हुए टीम की पीठ थपथपाई।

यह भी पढ़ें: रुद्रपुर: 9.38 ग्राम स्मैक बेचने का आरोपी युवक गिरफ्तार
 

संबंधित समाचार