हल्द्वानी: रकसिया और कलसिया नालों के पास नहीं होंगे नए निर्माण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। डीएम वंदना ने शुक्रवार को हल्द्वानी-काठगोदाम में आपदा राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लोनिवि, जल संस्थान, वन, राजस्व, सिंचाई, नगर निगम आदि के राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

डीएम ने रकसिया व कलसिया नालों में जमा सिल्ट के निस्तारण के लिए एडीएम की अध्यक्षता में समिति गठन कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। राजस्व, वन व नगर निगम के अधिकारियों ने डीएम वंदना को बताया कि नालों से सटे इलाकों में स्टांप के जरिये अवैध ढंग से भूमि विक्रय की जा रही है जो कानूनन गलत है। नालों के समीप की भूमि पर कब्जा कर आवास बनाए जा रहे हैं। भविष्य में नालों की चौड़ाई कम होने से आपदा और जनहानि का खतरा बना हुआ है।

इस पर डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट, नगर आयुक्त व वन विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से कलसिया-रकसिया नाले का सर्वे करते हुए नए निर्माण पर रोक के लिए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। इस प्रकार के स्थलों की ड्रोन मैपिंग कराई जाए जिससे अबतक हुए निर्माण की पूरी जानकारी रहे व भविष्य में होने वाले निर्माण कार्यों पर रोक लगाई जा सके। 

हल्द्वानी एसडीएम मनीष सिंह ने बताया कि बीती 8 अगस्त को कलसिया नाले के उफान पर आने से क्षेत्रवासियों की परिसंपत्तियों का बहुत नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवारों को तात्कालिक अहेतुक सहायता राशि उपलब्ध करवा दी गई है। राशन तथा अन्य सामग्री की किट भी बांटी जा रही है। एडीएम अशोक जोशी ने बताया कि पूरे जिले में अब तक 300 प्रभावित परिवारों को अहेतुक सहायता राशि दी गई है।

भविष्य में आपदा अलर्ट को देखते हुए विभिन्न नालों में जमा मलबा हटाने के संबंध में भी चर्चा की गई। बरेला आम नाले के सुधारीकरण को तात्कालिक व स्थाई कार्य योजना के संबंध में रामनगर वन डिवीजन को निर्देशित किया गया। वन अधिकारियों ने बताया कि बरेला आम नाले के तात्कालिक ट्रीटमेंट को 15 लाख का प्रस्ताव बनाया है। इसमें नाले का सुदृढ़ीकरण, वायर क्रेट्स, चेकडैम आदि बनाए जाएंगे। डीएम ने वन विभाग को शनिवार से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

लोनिवि ईई अशोक चौधरी ने बताया कि सूखी नदी से सड़क की दोनों ओर कटाव  हो गया था। शनिवार की सुबह 8 बजे से नदी के बहाव से सड़क को बचाने के लिए  ड्रेसिंग की जाएगी ताकि  सड़क सुरक्षित रहे व कटाव पर रोक सके। इस मौके पर नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, ईई लोनिवि अशोक चौधरी, सिंचाई अमित बंसल व जल संस्थान रवि शंकर लोशाली आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार