अल्मोड़ा: कांचुला पुल के पास खाई में गिरा वाहन, चार गंभीर
अल्मोड़ा, अमृत विचार। शुक्रवार को बाड़ेछीना सेराघाट मोटर मार्ग पर कांचुला पुल के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे। जिसमें से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरतोला से फर्नीचर लेकर धौलछीना की ओर आ रहा महिंद्रा 407 वाहन कांचुला पुल के पास अनियंत्रित होकर 40 फीट गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक केदार सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी दन्या के अलावा चार अन्य लोग सवार थे। जिनमें से एक व्यक्ति हादसा होते ही वाहन से छिटक गया।
अन्य चार लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। धौलछीना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों का रेस्क्यू कर उन्हें विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय पेटशाल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल मोहन चंद्र पुत्र स्व. हरिदत्त निवासी दन्या का अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जबकि गंभीर रूप से घायल चालक जगदीश पांडे पुत्र मथुरा दत्त पांडे निवासी चलछीना, केदार सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी दन, पप्पू राम पुत्र प्रताप राम निवासी आरतोला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालत गंभीर होने के कारण खीमराम पुत्र जोगाराम निवासी चामी को हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है।
