रामपुर : दहेज में 'वाशिंग मशीन' और 50 हजार नहीं मिले तो पत्नी को दिया तलाक, पति समेत पांच पर FIR
रामपुर, अमृत विचार। दहेज में 50 हजार और वाशिंग मशीन नहीं मिलने पर शौहर ने बीवी को तलाक देकर घर से भगा दिया। इस मामले में केमरी पुलिस ने पति सहित पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
केमरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला का कहना है, 19 अप्रैल 2022 को पास के ही गांव के रहने वाले आरिफ से उसका निकाह हुआ था। जिसके बाद वह विदा होकर ससुराल पहुंच गई थी। शादी के कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक रहा। उसके बाद ससुराल वालों ने उससे दहेज में 50 हजार रुपये और वाशिंग मशीन की मांग कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वाले उसके साथ आए दिन मारपीट किया करते थे, आरोप है कि उसका पति शराब के नशे में जबरन उसके साथ अवैध संबंध बनाता था।
एक जून 2023 को महिला घर पर अकेली थी। तभी उसके देवर ने अकेला पाकर उसको बुरी नीयत से दबोच लिया। उसके साथ छेड़खानी कर दी थी। उसने जब इस बात को ससुरालियों को बताया तो उन्होंने उसको पीट दिया। घर से निकाल दिया। बाद में विवाहिता मायके आ गई। उसने सारा मामला परिजनों को बताया। बाद में उसने केमरी थाने में तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी आरिफ, जीनत, सलीम, तालिब, कशिश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
ये भी पढ़ें : Road Accident : नेशनल हाईवे पर पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, लखीमपुर की दो महिलाओं की मौत...11 घायल
