मुरादाबाद: देवरानी ने जेठानी के तीन साल के बेटे को दूसरी मंजिल से फेंका, हत्या के प्रयास में गई जेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खाना मिलने में देर हुई तो गुस्साई देवरानी ने किया यह कृत्य, हत्या के प्रयास में गई जेल

DEMO IMAGE

मुरादाबाद, अमृत विचार। जेठानी को खाना देने में देर हुई तो देवरानी ने उसके बेटे को खिड़की से नीचे फेंक दिया। मासूम की निजी अस्पताल में हालत गंभीर बनी हुई है। जेठानी की तहरीर पर नागफनी थाने में आरोपी के खिलाफ बच्चे की हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 मामला नागफनी थाना क्षेत्र का है। तारा बिल्डिंग डिप्टीगंज में शानू का चार मंजिला मकान है। इसमें चारों भाइयों के परिवार रहते हैं। शानू प्रापर्टी डीलर हैं। इनकी पत्नी शबीना ने बताया कि शनिवार की सुबह 8:30 बजे के दौरान वह घर में काम कर रही थी।

इसी दौरान देवर नाजिम की पत्नी रहमत जहां उसके पास आई और खाना मांगा। शबीना रहमत जहां को खाना देने की तैयारी कर रही थी कि उसी बीच रहमत जहां उसके कमरे में गई और बेड पर सो रहे जेठानी शबीना के तीन साल के बेटे अब्दुल समद के पैर पकड़कर खिड़की से नीचे फेंक दिया।

रहमत जहां को यह हरकत करते तीसरी मंजिल पर रह रही उसकी दूसरी देवरानी हुस्ना ने देख लिया। हुस्ना ने शोर मचाकर शबीना को खबर की। शबीना भाग कर अपने कमरे में गई, देखा बेड पर उसका बेटा नहीं था। खिड़की से नीचे की ओर देखा तो उसका बेटा घर के बाहर जमीन पर पड़ा था।

रोते-रोते शबीना घर के जीने से उतरकर नीचे आई और तो देखा बेटे के सिर से खून निकल रहा था। उसी समय शबीना के पति शानू भी टॉयलेट से निकलकर घर के बाहर आ गए और तुरंत बच्चे को लेकर डॉक्टर के पास गए। डॉक्टरों ने अब्दुल समद की हालत गंभीर देखकर इलाज करने से मना कर दिया।

शबीना ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया है। वह आईसीयू में है, उसके ब्लड चढ़ रहा है। सिर में चार टांके लगे हैं। डॉक्टर ने बच्चे के सिर की हड्डी टूट जाना बताया है। सर्जरी की भी बात कही है।

फिलहाल, शबीना का बच्चा गंभीर हालत में है। शबीना ने बताया कि उसके तीन बच्चों में बड़ी दो बेटियां हैं। इनमें बड़ी बेटी नौ साल की और छोटी बेटी छह साल की है। बेटा अब्दुल समद तीन वर्ष का है। मासूम अब्दुल समद की मां शबीना ने देवरानी रहमत जहां के विरुद्ध नामजद केस दर्ज कराया है।

शबीना बोली, देवरानी ने ऐसा क्यों किया वह भी नहीं समझ पा रही
शबीना ने बताया कि उसकी देवरानी रहमत जहां ने उसके बेटे को दो मंजिल घर से नीचे क्यों फेंक दिया, यह वह भी नहीं समझ पा रही हैं।

शबीना ने बताया कि उसकी देवरानी रहमत जहां के दो साल की एक बेटी है। सुबह देवरानी खाना मांग रही थी तो उसे खाना देने जा रही थीं तब तक उसने उनके बेटे को ही फेंक दिया। शबीना ने बताया कि उसका घर चार मंजिला है। इसमें भूतल पर नाजिम व फाजिल और उनका परिवार रहता है। दो मंजिला पर शानू व उनकी पत्नी शबाना और तीन बच्चे रहते हैं। तीसरी मंजिल पर नदीम व उनका परिवार रहता है।

पुलिस ने रहमत जहां को भेजा जेल
नागफनी थानाध्यक्ष जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि गैर इरादतन हत्या के प्रयास के आरोप में नामजद महिला रहमत जहां को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।  रहमत जहां और उसके पति नाजिम में आपस में बनती नहीं है। इसका महिला थाने में केस भी दर्ज है। शनिवार को उसी मामले में उसे महिला थाने में बुलाया गया था। रहमत जहां शनिवार को ही मायके से आई थी। रहमत जहां के बेटे नहीं है, उसके एक बेटी है।

यह भी पढ़ें- संदिग्ध आतंकी अहमद रजा को लेकर मुरादाबाद पहुंची एटीएस टीम, उगलवाए कई राज

संबंधित समाचार