पीलीभीत: राज्यमंत्री से बोले व्यापारी- खाद्य सुरक्षा अधिकारी भ्रष्ट..कर रहा उत्पीड़न
पीलीभीत, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला महामंत्री शैली अग्रवाल व अन्य के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दर्ज कराने वाले खाद्य सुरक्षा अधिकारी को भ्रष्ट बताते हुए राज्य मंत्री से शिकायत की गई। व्यापारियों की बैठक में शामिल होकर राज्यमंत्री ने भी पूरी मामले को सुना और आश्वस्त किया।
बता दें कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष बाबू यादव ने न्यायालय में परिवाद दर्ज कराया था। जिसमें व्यापार मंडल के जिला महामंत्री समेत दस आरोपी बनाए गए हैं। इस मामले में अधिकांश आरोपियों ने अपनी जमानत भी बीते दिनों करा ली है। आरोप है कि निरीक्षण करने गए खाद्य सुरक्षा अधिकारी से आरोपियों ने अभद्रता की और सैंपल छीनकर नष्ट कर दिए। मामले की सुनवाई न्यायालय में चल रही है। इधर, व्यापारी नेता इस परिवाद को झूठा बताते हुए विरोध कर रहे हैं। कई जगह संगठन की बैठकों में आंदोलन की भी चेतावनी दी जा चुकी है।
रविवार को व्यापार भवन में बैठक की गई। जिसमें राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार भी शामिल हुए। इस दौरान बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दस व्यापारियों पर झूठा मुकदमा कराया है। अगर झूठा मुकदमा वापस न लिया गया तो सभी व्यापारी प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। राज्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार का उत्पीड़न शोषण नहीं होने दिया जाएगा।
बताते हैं कि राज्य मंत्री ने खाद्य एवं रसद मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु से फोन पर वार्ता कर पूरे प्रकरण से अवगत कराया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अनूप अग्रवाल, जिला महामंत्री शैली अग्रवाल, राकेश महोदय, कपीश अग्रवाल, मनीष अग्रवाल मोनू, विक्की अग्रवाल, राकेश नकटा, सईद अहमद बबलू,महिला इकाई की महामंत्री रिया सूरी आदि मौजूद रहे। उधर, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार गुप्ता, अर्जुन सिंह टहलनी समेत कई व्यापारी भी शामिल रहे।
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: चिकित्सक के बजाए सीएमओ के सामने खड़ी कर दी दूसरी महिला, रिपोर्ट दर्ज
