Independence Day 2023: इस स्वतंत्रता दिवस घर पर तैयार करें स्पेशल तिरंगा ढोकला, यहां जानें रेसिपी
15 अगस्त का दिन हर भारतीय के लिए बेहद खास दिन होता है। इस दिन को खास बनाने के लिए हमने अपने कई क्रांतिकारी वीरों को खोया है। देश की आजादी की जंग में बहुत से वीरों ने अपनी जानें गंवाई थीं। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के दिन हम सभी इन वीरों को याद करते हैं और उन्हें सच्चे मन से नमन करते हैं।
वहीं हर कोई इस दिन को अलग-अलग तरीके से मनाता है। कई जगह कार्यक्रम आयोजित होते हैं तो बहुत सी जगहों पर मिठाईयां बांटी जाती हैं। वहीं घर की महिलाएं इस दिन को अलग तरीके से मना सकती हैं और साथ में अपने बच्चों को खुश भी कर सकती हैं। आज हम आपको तिरंगा ढोकला बनाने के बारे में बताएंगे, ताकि आप भी अलग तरह से इस खास दिन को सेलिब्रेट कर सकें।
तिरंगा ढोकला बनाने के लिए सामग्री
3 कप ढोकला बेटर, 1/4 कप पालक की प्यूरी, 2 हरी मिर्च, 1 इंच अदरक का टुकड़ा, 1 टेबलस्पून गाजर की प्यूरी या फिर एक छोटा चम्मच खाने वाला ऑरेंज कलर, 1/4 टीस्पून कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 1 टीस्पून तेल, 2 टेबलस्पून नारियल का बूरा, 1 टेबलस्पून बारीक कटी धनिया पत्ती
बनाने की विधि
बता दें तिरंगा ढोकला बनाना बेहद ही आसान है। इसके लिए सबसे पहले ढोकले के बेटर को अलग-अलग तीन बाउल में रख लें। इन्हें तीन बराबर भागों में बांट लें।
ऐसे बनाएं केसरिया ढोकला
बता दें तिरंगा ढोकला बनाने के लिए आपको सबसे पहले केसरिया ढोकले की लेयर तैयार करनी है। इसके लिए बस बेटर में गाजर की प्यूरी और कश्मीरी लाल मिर्च डालकर मिक्स कर लें। बेटर तैयार करने के बाद ढोकला बनाने की प्लेट में तेल लगाकर इसे डाल दें। अब इस बेटर को तैयार होने के लिए गैस पर रखें। जब ये पक जाए तो इसे अलग निकाल कर रख लें।
सफेद ढोकला
बता दें सफेद ढोकला बनाने के लिए आपको ज्यादा कुछ नहीं करना है। इसके लिए ढोकले के बेटर को सांचे में डालकर बना लें। जब ये पक जाए तो इसे अलग निकाल कर रख दें।
हरा ढोकला
तिरंगा ढोकला की आखिरी लेयर बनाने के लिए बस बाउल में पालक प्यूरी और अदरक मिर्च का पेस्ट डालकर अच्छी तरह फेंटकर मिला लें। अब इसे भी सांचे में डालकर पका लें। जब ये पक जाए तो निकालकर अलग रख लें।
जब तक तीनों रंग के ढोकले बन रहे हैं तब तक इसके ऊपर डालने के लिए तड़का तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको बस कढ़ाई में गर्म तेल लेकर उसमें राई, सफेद तिल डालना है। अब एक प्लेट में सबसे नीचे हरे रंग का ढोकला रखें, इसके बाद सफेद और अंत में केसरिया ढोकला रखें। अब तैयार तड़के को ढोकले पर डाल दें। उपर से धनिया पत्ती डालकर इस टेस्टी ढोकले को चटनी के साथ परोसें।
ये भी पढे़ं- अगर आप भी हेयर फॉल और डैंड्रफ की समस्या से हैं परेशान, लगाएं प्याज के ये हेयर मास्क, जल्द दिखेगा फायदा
