Chitrakoot: समोसा लेने पहुंचे दो मासूम, दुकानदार ने डाला खौलता तेल, एक की हालत गंभीर, आरोपी फरार, जानें- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में समोसा लेने गए दो मासूमों पर दुकानदार ने डाला खौलता तेल।

चित्रकूट में समोसा लेने गए दो मासूमों पर दुकानदार ने खौलता तेल डाल दिया। पिता की तहरीर पर दुकानदार पर रिपोर्ट दर्ज की गई। जिसमें एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चित्रकूट, अमृत विचार। एक दुकानदार ने अमानवीयता की पराकाष्ठा करते हुए दो मासूम बच्चों पर खौलता तेल डाल दिया। दोनों भाइयों का कुसूर सिर्फ इतना था कि वे उसकी दुकान पर समोसे लेने पहुंचे थे। एक बच्चे को तो प्राथमिक इलाज के लिए घर भेज दिया तो दूसरा गंभीर अवस्था में प्रयागराज में इलाज करा रहा है। 

दिल दहलाने वाली यह घटना विकास खंड रामनगर की ग्राम पंचायत बल्हौरा की है। बताया जाता है कि रविवार की शाम लगभग सात बजे अमरनाथ कोटार्य के पुत्र चमन (3), अमन (7) और पुत्री मोहिनी (5) गांव के दुकानदार मोनू निषाद पुत्र बउरा उर्फ रामप्रसाद की दुकान पर समोसा लेने गए थे। पिता अमरनाथ का कहना है कि उस समय मोनू किसी बात पर गांव के एक व्यक्ति से बहस कर रहा था।

बताया कि दुकानदार के अक्सर शराब पीकर दुकान में बैठने की वजह से वह वहां पहुंचा और बच्चों से कहा कि वे दूसरी दुकान में जाकर कुछ और ले लें। आरोप लगाया कि इस पर मोनू गुस्सा गया और उसने खौलता तेल एक बर्तन में लेकर उसकी ओर फेंका। वह इससे बचने के लिए हटा तो गर्म तेल उसके दोनों पुत्रों पर पड़ गया। इससे दोनों झुलस गए। इसके बाद आरोपी भाग निकला।

गांव के विनोद कुमार चौधरी ने डायल 112 पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना दी। बताया कि एंबुलेंस तो गांव पहुंचकर दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई लेकिन पुलिस गांव नहीं पहुंची। अमन का प्राथमिक इलाज से हालत में सुधार है लेकिन चमन को जिला अस्पताल से प्रयागराज रिफर कर दिया गया।

रास्ते में एंबुलेंस हुई दुर्घटनाग्रस्त

अमरनाथ ने बताया कि प्रयागराज जाते समय एंबुलेंस एनटीपीसी के पास किसी वाहन से आमने-सामने की भिड़ंत में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। इसके बाद दूसरे वाहन से बच्चे को प्रयागराज ले जाया गया। 

रिपोर्ट दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

सूचना देने के बाद भी पुलिस का बरिया से वापस लौट जाना और गांव में घटनास्थल तक नहीं पहुंचना कई सवाल खड़े करता है। उधर, मऊ सीओ राजकमल ने गांव जाकर बच्चों के परिजनों से बात की और उनको न्याय का भरोसा दिया। बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है।

संबंधित समाचार