हल्द्वानी: महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल बंद
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजकीय महाविद्यालयों में समर्थ पोर्टल से प्रवेश के लिए पंजीकरण कराने की तिथि 14 अगस्त को समाप्त हो गई है। पंजीकृत छात्र-छात्राओं के लिए कॉलेज स्तर पर प्रवेश जारी रहेंगे। एमबीपीजी कॉलेज में प्रवेश के लिए सत्र 2023-24 में 8150 विद्यार्थियों ने समर्थ से पंजीकरण कराया था।
इसमें 4076 विद्यार्थी पंजीकरण के बाद प्रवेश के लिए नहीं आए। 4074 छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय में प्रवेश लिया है। करीब 3500 विद्यार्थियों ने सोमवार शाम 5 बजे तक फीस जमा करा ली थी। रात 12 बजे तक पोर्टल फीस के लिए खुला था।
एमबी कॉलेज में 10 जुलाई के बाद प्रवेश शुरू हुए। महाविद्यालय में 10 अगस्त से कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। प्रवेश प्रभारी डॉ. अमित सचदेवा ने बताया कि प्रवेश की तिथि समाप्त हो गई है। महाविद्यालय में अबतक चार हजार से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जा चुका है। बीए में सबसे अधिक प्रवेश हुए हैं। इसके अलावा बीकॉम और बीएससी में भी लगभग सभी सीटें भर गई हैं।
इधर समर्थ पोर्टल के नोडल अधिकारी डॉ. चमन कुमार ने बताया कि समर्थ पोर्टल से प्रवेश के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 अगस्त तक रखी गई थी। अब कॉलेज स्तर से समर्थ पोर्टल से प्रवेश संबंधी कार्य होगा।
