लखनऊ: ऑपरेशन में हुई लापरवाही से नवजात की मौत, सीएमओ ने कहा होगी जांच
लखनऊ, अमृत विचार। बख्शी का तालाब (बीकेटी) स्थित निजी अस्पताल में ऑपरेशन बाद नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने बच्चे के पेट में मल चले जाने की वजह से मौत होने की बात कही। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का कहना है मामले की जांच कराई जाएगी।
बीकेटी में किराए के मकान में रहने वाले अखिलेश की पत्नी प्रिया (32) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन बीकेटी स्थित मुजफ्फर हॉस्पिटल ले गए। वहां पर डॉक्टरों ने सामान्य प्रसव न होने की बात कही। सिजेरियन ऑपरेशन की सलाह दी। परिजन ऑपरेशन को राजी हो गए। कुछ ही देर बाद महिला को ओटी में ले जाया गया। वहां पर ऑपरेशन करके नवजात को निकाल लिया गया। आरोप है कि ऑपरेशन दौरान हुई चूक से नवजात की जान चली गई।
देवर उमेश सिंह ने अस्पताल प्रशासन लापरवाही का आरोप लगाया। अस्पताल मैनेजर एमए खांन ने बताया गर्भवती को तीन चार दिन पहले बताया गया था। बच्चे की धड़कन नहीं मिल रही थी। सिजेरियन ऑपरेशन बाद बच्चे को निकाला गया तो उसकी सांस नहीं चल रही थी। नर्सिंग होम के नोडल अफसर डॉ. एपी सिंह ने बताया मामले की जांच कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें:-मेडिकल कॉलेजों के फर्नीचर घोटाले में पूर्व आईएएस समेत छह अफसरों को नोटिस जारी
