हल्द्वानी: पहले कार से टक्कर मारी फिर घर में घुसकर पीटा
हल्द्वानी, अमृत विचार। शराब के नशे में धुत कार सवार एक व्यक्ति ने पहले युवक को टक्कर मारी और फिर विरोध करने पर उसे घर में घुसकर पीटा गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में आनंदपुर निवासी विनय दरम्वाल पुत्र कानेन्द्र सिंह दरम्वाल ने बताया कि बीती 14 अगस्त की रात वह गांव में स्थित एक दुकान के बाहर खड़ा था। तभी हरिपुर कुंवर सिंह निवासी देवेंद्र सिंह बोहरा पुत्र गुलाब सिंह बोहरा ने अपनी कार संख्या यूके 04 एजी 4424 से टक्कर मार दी। विनय ने जब फोन कर देवेंद्र से इसके बारे में पूछा तो वह बौखला गया।
आरोप है कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले देवेंद्र रात 11 बजे अपने भाई और पुत्रों के साथ उसके घर में घुस गए और हमलाकर कई जगह से उसका सिर फोड़ दिया। आरोपी के हाथ बंदूक देख कोई उसे बचाने नहीं आया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
