बेंगलुरू में पहले 3D डाकघर का उद्घाटन, PM मोदी बोले- भारत का पहला 3डी मुद्रित डाकघर देखकर हर भारतीय को गर्व होगा

बेंगलुरू में पहले 3D डाकघर का उद्घाटन, PM मोदी बोले- भारत का पहला 3डी मुद्रित डाकघर देखकर हर भारतीय को गर्व होगा

बेंगलुरु। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को बेंगलुरू में 3डी प्रिंटिंग तकनीक से निर्मित भारत के पहले डाकघर का उद्घाटन किया। डाक विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के कैम्ब्रिज लेआउट में 1,021 वर्ग फुट क्षेत्र में निर्मित डाकघर के उद्घाटन के बाद वहां कामकाज शुरू हो जाएगा। 

डाक अधिकारियों के अनुसार, इस डाकघर का निर्माण लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड ने किया है जबकि आईआईटी मद्रास ने इसके लिए तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। उद्घाटन के बाद वैष्णव ने कहा, “विकास की भावना, अपनी तकनीक विकसित करने की भावना, कुछ ऐसा करने की भावना जिसे पहले के समय में असंभव माना जाता था- यही इस समय की परिभाषित विशेषता है।” डाकघर की संपूर्ण निर्माण गतिविधि 45 दिन में पूरी की गई। पारंपरिक तरीके से इसे बनाने में लगभग छह से आठ महीने लग जाते। लागत और समय की बचत 3डी-कंक्रीट प्रिंटिंग तकनीक को पारंपरिक भवन निर्माण प्रणाली का एक व्यवहार्य विकल्प बनाती है। 

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के कैंब्रिज लेआउट में भारत के पहले 3डी मुद्रित डाकघर की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि यह देश के नवाचार और प्रगति का प्रमाण होने के साथ ही आत्मनिर्भर भारत की भावना का प्रतीक है। 3डी प्रिंटिंग तकनीक का उपयोग करके रोबोटिक प्रिंटर से निर्मित देश के पहले 3डी-मुद्रित डाकघर का शुक्रवार को उद्घाटन किया गया। 

मोदी ने एक्स पर कहा, ‘‘हर भारतीय को बेंगलुरु के कैंब्रिज लेआउट में भारत का पहला 3डी मुद्रित डाकघर देखकर गर्व होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे देश के नवाचार और प्रगति का एक प्रमाण है, यह आत्मनिर्भर भारत की भावना का भी प्रतीक है।’’ मोदी ने लिखा, ‘‘उन लोगों को बधाई जिन्होंने डाकघर को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत की।’’ 

ये भी पढ़ें- बिहार में पत्रकार की गोली मारकर हत्या: मुख्यमंत्री ने जताई चिंता, विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना