काशीपुर: जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंचा प्रशासन, मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। एसडीएम अभय प्रताप सिंह के निर्देश पर तहसीलदार युसूफ अली के नेतृत्व में प्रशासन और नगर निगम की टीम ने मेन मार्केट में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों में खलबली मची रही। प्रशासन की टीम को देखकर कई अतिक्रमणकारियों ने खुद ही अपने प्रतिष्ठानों के सामने रखा सामान हटाना शुरू कर दिया। 

नगर निगम व प्रशासन की टीम जेसीबी लेकर मेन मार्केट पहुंची। जहां टीम ने दुकानों के किनारे से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। टीम की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन की सख्ती देख अतिक्रमणकारियों ने स्वयं ही अपना सामान समेटना शुरू कर दिया।

उधर, प्रशासन ने अतिक्रमित सामान को जब्त भी कर लिया। वहीं, कुछ लोग अपने प्रतिष्ठानों के आगे किये अतिक्रमण को हटाने के लिए मोहलत भी मांगते दिखे। जिस पर प्रशासन ने प्रतिष्ठानों के आगे से अतिक्रमण हटाने तथा दोबारा अतिक्रमण करने पर जुर्माने के साथ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की चेतावनी भी दी। टीम में सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, कार्यालय सहायक ब्रजपाल, राहुल, सुनील, बैरिस्टर यादव, टीएस अनुपमा भट्ट आदि सहित निगम व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार