हल्द्वानी: एमबीपीजी में प्रवेश को लेकर हंगामा, छत पर चढ़े छात्र 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी कॉलेज में प्रवेश तिथि बढ़ाने को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। समर्थ पोर्टल पर पंजीकृत सभी विद्यार्थियों को प्रवेश न मिलने से नाराज छात्रों ने प्राचार्य का घेराव किया।

प्राचार्य कक्ष के बाहर विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की। देखते ही देखते गुस्साए छात्र प्राचार्य कक्ष की छत पर चढ़ गए। छात्रों के बढ़ते हंगामे को देख कॉलेज व पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। समर्थ पोर्टल की तिथि बढ़ाने का लिखित आश्वासन मिलने पर छात्रों का विरोध थमा। 

दरअसल इस बार महाविद्यालय में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर 8125 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। 3524 विद्यार्थी ऐसे हैं, जिन्हें आवेदन करने के बाद भी प्रवेश नहीं मिल पाया है। इस बात से नाराज छात्रों ने प्राचार्य का घेराव किया। कक्ष के भीतर छात्रों ने जमकर बवाल काटा। वहां लगा सूचना सूचक पोस्टर भी फाड़ डाला।

बौखलाए छात्रों को प्राध्यापकों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। देखते ही देखते छात्रों का एक दल प्राचार्य कक्ष की छत पर चढ़कर नारेजबाजी करने लगा। छात्रों के बढ़ते विरोध को देख कॉलेज व पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए।

कॉलेज में परीक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल पर जाकर छात्रों को समझाने का प्रयास किया। मगर गुस्साए छात्र किसी की सुनने को तैयार नहीं थे। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने भी छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह पुलिस के विरोध में ही नारेबाजी करने लगे। देर तक यह ड्रामा जारी रहा।  प्रवेश तिथि आगे बढ़ाने के लिखित आश्वासन के बाद छात्र छत से नीचे उतरे। 

संबंधित समाचार