काशीपुर: बाइक की चपेट में आने से सिंचाई कर्मी की मौत
काशीपुर, अमृत विचार। रोड पार करते समय सिंचाई विभाग के एक कर्मचारी को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में सिंचाई विभाग का कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन फानन में मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिजनौर जिले के गांव गढ़ी मनिया थाना अफजलगढ़ हाल कैनाल कालोनी निवासी सुलेमान खान (59) सिंचाई विभाग में कार्यरत थे। शनिवार सुबह वह कार्यालय से बाहर निकल कर मुरादाबाद रोड पर जा रहे थे। रोड पार करते समय तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को आनन फानन में मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आरोपी बाइक सवार युवक को हिरासत में ले लिया है। मृतक सुलेमान अपने पीछे पत्नी व बेटे उस्मान को रोते बिलखते छोड़ गए। सुलेमान की फरवरी 24 में सेवानिवृत्ति थी।
