हल्द्वानी: गौ सेवा सदन दिलाएंगे लावारिस गौवंशीय पशुओं से निजात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। लावारिस गौवंशीय पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। सड़कों पर विचरते इस पशुओं के कारण कई हादसे हो चुके हैं। इस समस्या से निजात पाने के लिए पशुपालन विभाग ने गौ सेवा सदन योजना शुरू की है। इसके तहत रामनगर, हल्दूचौड़ और भवाली में गौ सेवा सदन बनाने का प्रस्ताव है। 

मुख्य विकास अधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि रामनगर के  मालधनचौड़ में 10 बीघा जमीन पर गौ सदन बनना है। इसके लिए 5.35 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी गई है। बताया कि शासन से डीपीआर स्वीकृत होने पर आगे की कार्यवाही शुरू की जाएगी।

संदीप तिवारी ने बताया कि हल्दूचौड़ में नित्यानंद परमावली आश्रम के पास गौ सदन का विस्तारीकरण होना है। इसके लिए 3 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाया गया है। इसी तरह भवाली में नगर पालिका ने 5 नाली जमीन पर गौ सदन बनाने का प्रस्ताव बनाया है लेकिन अभी तक यह प्राप्त नहीं हुआ है। प्रस्ताव प्राप्त होने पर इसे शासन को भेजा जाएगा।
 

उन्होंने कहा कि गौ सदन बनने के बाद जिले के नगर पालिका और नगर निगम के साथ मिलकर लावारिस गौवंशीय पशुओं से निजात पाने के लिए काम किया जाएगा। बताया कि नगर पालिका और ग्रामवार गौवंशीय पशुओं को चिन्हित किया गया है। गौ सदनों का निर्माण पूरा होने पर सभी लावारिस गौवंशीय पशुओं को इनमें रखा जाएगा। 

संबंधित समाचार