पीलीभीत: भाजपा सांसद वरुण बोले- पहचान को कूड़े में डाल दोगे तो गीदड़ बढ़ने नहीं देंगे...
पीलीभीत, अमृत विचार। भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कहा कि आप लोगों (जनता) को अच्छे- बुरे की पहचान है। यह सिखाने की जरूरत नहीं है। सब लोग जानते हैं कौन सही है और कौन गलत। सही का साथ दीजिए, यही धर्म है, इसी का नाम राष्ट्रीयता..।
रखना यह जो बाजू हैं यह आपकी पहचान है, अपनी पहचान को अगर कूड़े में डाल दोगे तो गीदड़ आपको कभी बढ़ने नहीं देंगे। पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र के गांवों में जनसंवाद करते हुए भाजपा सांसद तल्ख तेवर में दिखाई दिए।बता दें कि सांसद वरुण गांधी दो दिवसीय दौरे पर रविवार सुबह पीलीभीत पहुंचे थे।
खमरिया पुल पर कार्यकर्ताओं ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद वह पूरनपुर क्षेत्र के ग्राम बैजूनगर, विधिपुर, इटोरिया, शिवनगर, बानगंज, ग्रांट, लालपुर, नदहा, सिसैया, पिपरिया आदि में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में शामिल हुए।
उन्होंने बिना नाम लिए कुछ क्षेत्रीय नेताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिनके पास पहले खाने को रोटी नहीं थी। आज वह बड़े-बड़े काफिले में चल रहे हैं। पूंछा वह किस पैसे से चल रहे हैं। बोले- उनके पिता ने एक लाख करोड़ की मारुति कंपनी देश के नाम दान दे दी थी, क्या आज के नेता ऐसा कर पाएंगे। आज कोई 500 रूपये टेबल पर छोड़ने को तैयार नहीं है। राजनीति में वह नाम और पैसा कमाने नहीं आए। ये सब उनके पास पहले से है।
पीलीभीत और देश के साथ जो रिश्ता बनाया है वह रिश्ते हमारे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। जब आप दिल्ली, जयपुर, पटना कोलकाता, सोनीपत, मुंबई आदि कहीं भी जाते हैं तो वहां बोलते हो कि वरुण गांधी और मेनका गांधी वाले पीलीभीत से हूं।
यही पूंजी हमारे लिए काफी है। कहा कि हमारे देश में 90 फीसदी सरकारी नौकरी संविदा पर हो रही हैं, संविदा की नौकरी असली नौकरी नहीं है।
किसी आशा बहू, आंगनबाड़ी, शिक्षा मित्र या किसी अन्य संविदा कर्मचारी से पूछो तो वे कहते हैं कि जब उनसे काम लेना होता है, काफ़ी काम लेते है, लेकिन जब उनको निकालना होता है तो मक्खी कि तरह निकलकर फेक देते है। उनका न ही कोई सुरक्षा है न भविष्य। ऐसे लोग राजनीति में चाहिए जो आपके लिए हक की लड़ाई लड़ सकें।
