रुद्रपुर: ससुरालियों पर चाकू से हमला करने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। काशीपुर निवासी एक महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों पर धोखे से बुलाकर चाकू व लोहे की राड से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

जानकारी के अनुसार जगतपुरा थाना काशीपुर निवासी राज कौर ने बताया कि 20 अगस्त की सुबह 4 बजे पति लखविंदर सिंह, सास सुरेंद्र कौर व उसके पति की प्रेमिका उमा देवी, जेठानी कैलाश कौर निवासी ग्राम अर्जुनपुर कोतवाली रुद्रपुर ने फोन कर बुलाया और बताया कि एक धार्मिक स्थल पर जाना है।

जहां पत्नी और पति ही साथ जाते हैं। उनकी बातों में आकर जब वह अपने ससुराल पहुंची तो सभी ने कुटरचित तरीके से उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से चाकू, धारदार हथियार व लोहे की राड से हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई।

चीख पुकार की आवाज सुनकर जब पड़ोसी घटना की ओर दौड़े तो हमलावर ससुराली मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पीड़िता ने हाल में सुधार आने के बाद कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार