रुद्रपुर: नकली नोटों को छापकर करता था सप्लाई, दो और सप्लायरों की सरगर्मी से तलाश
रुद्रपुर, अमृत विचार। एसटीएफ और यूपी की संयुक्त कार्रवाई ने अंतरराज्यीय नोट बनाने का सरगना गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि झांसी पुलिस द्वारा मिली जानकारी के बाद एसटीएफ ने सरगना को सितारगंज से गिरफ्तार करने का दावा किया है। इसके बाद एसटीएफ की टीम ने नेटवर्क से जुड़े दो और सप्लायरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
खुलासा करते हुए एसटीएफ कुमाऊं प्रभारी सुमित पांडे और प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि 18 अगस्त को यूपी के सौजना झांसी पुलिस ने चार नकली नोटों के साथ सप्लायरों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर से नकली नोट लाकर आसपास के इलाकों में सप्लाई करते है। यूपी पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने के बाद एसटीएफ की टीम नकली नोट बनाने के सरगना की तलाश में जुट गई थी।
बताया कि मंगलवार को खबर मिली कि अंतरराज्यीय नकली नोट बनाने का सरगना बलविंदर सिंह उर्फ जसविंदर सिंह उर्फ कृपाल सिंह निवासी ग्राम बरगवां खटीमा को सितारगंज इलाके में देखा गया है। जिसके बाद एसटीएफ ने सीमावर्ती सितारगंज यूपी पुलिस से संपर्क साधा और संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सितारगंज के गांव ललितपुर में दबिश देकर सरगना को गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान टीम ने आरोपी की निशानदेही पर कई संदिग्ध उपकरण भी बरामद किए हैं। पूछताछ में एसटीएफ को दो और सप्लायरों के नाम सामने आए हैं। जो सीमावर्ती इलाकों में जाकर नकली नोट का संचालन करते हैं। जानकारी के बाद एसटीएफ ने रणनीति बनाकर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
