लखीमपुर-खीरी: पानी भरे गड्ढे में वृद्ध, नहर में उतराता मिला युवक का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना खीरी के गांव लगुचा के निकट एक ईंट भट्ठे के पास पानी भरे गड्ढे में 60 वर्षीय वृद्ध का शव बरामद हुआ है। शव की पहचान हो गई है। उधर थाना फरधान क्षेत्र में उदयपुर नहर पुल के पास शारदा ब्रांच नहर में एक 35 वर्षीय युवक का शव उतराता बरामद हुआ है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।  

बुधवार को गांव के लोग खेतों की तरफ गए थे। गांव से कूछ दूरी पर स्थित एक ईंट भट्ठे के निकट पानी भरे गढ्ढे में शव उतराता दिखाई पड़ा। इससे हड़कंप मच गया। तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। शव की पहचान थाना खीरी के गांव खानपुर गुरैला निवासी रामाधार के रूप में हुई है। 

उधर मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक राजू राव ने बताया कि वृद्ध मानसिक रूप से बीमार था। उसे मिर्गी भी आती थी। आशंका जताई जा रही है कि पानी में डूबकर उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना फरधान क्षेत्र के उदयपुर नहर पुल के पास बुधवार को सुबह 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पानी में उतराते हुए पुल से निकल रहे राहगीरों ने देखा। शव देखे जाने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग नहर के किनारे एकत्र हो गए। 

मौके पर प्रभारी थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह भी फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान नहीं हो सकी है। प्रभारी एसओ ने बताया शव दस से पंद्रह दिन पुराना लग रहा है। शव के शरीर पर कोई भी कपड़ा नहीं मिला है। आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को पहचान के लिए लखीमपुर मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: माता-पिता को खाना देने खेत जा रही किशोरी की नाले में डूबकर मौत

 

संबंधित समाचार