मुरादाबाद : जिला अस्पताल में बन रहा 32 बेड का अतिरिक्त वार्ड, हर दिन 300 से अधिक रोगी पहुंच रहे हॉस्पिटल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में जांच करने पहुंचे लोग।

मुरादाबाद, अमृत विचार।  जिला पुरुष अस्पताल में बुखार के रोगियों की अधिक संख्या ने अस्पताल प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। आनन-फानन 32 बेड का अतिरिक्त वार्ड तैयार किया जा रहा है। क्योंकि बुखार के रोगियों की अधिक संख्या से एक बेड पर दो-तीन मरीज भर्ती होकर इलाज करा रहे हैं। अस्पताल में बुखार के अलावा डेंगू का भी एक रोगी भर्ती है। 

जिला पुरुष अस्पताल में इन दिनों  बुखार के रोगियों की अधिक संख्या चिंता बन गई है। गुरुवार को 240 बुखार के मरीज वार्ड में भर्ती रहे। मरीजों की अधिक संख्या से एक बेड पर 2-3 मरीज का इलाज किया जा रहा था। वहीं कई दिनों से रोगियों की संख्या को देखते हुए अस्पताल की प्रमुख अधीक्षिका ने 32 बेड का अतिरिक्त वार्ड तैयार कराने का निर्णय लिया। महिला अस्पताल के कमरे को लेकर इसमें 32 बेड का अतिरिक्त वार्ड तैयार हो रहा है। इसकी सफाई और अन्य कार्य कराने के बाद इसमें मरीज भर्ती किए जाएंगे।  

अस्पताल में फिजिशियन कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी कतार थी। इसमें से अधिकांश बुखार से पीड़ित रहे। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एनके मिश्र का कहना है कि उनकी ओपीडी में इन दिनों 250-300 मरीज आ रहे हैं। इसमें 80 प्रतिशत बुखार से पीड़ित हैं। इनको रक्त जांच कराने की सलाह दी गई है। जिससे वायरल, डेंगू या मलेरिया बुखार की पहचान हो सके। अस्पताल की पैथोलाॅजी में दोपहर में भी मरीजों की भीड़ रही। कोई जांच के लिए रक्त का नमूना देने आया था तो कोई पहले की कराई जांच की रिपोर्ट लेने।

ओपीडी गैलरी में दवा कांउटर पर भी मरीजों की लाइन लगी थी। अस्पताल की प्रमुख अधीक्षिका डॉ. संगीता गुप्ता का कहना है कि मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए 32 बेड का वार्ड बना रहे हैं। बताया कि इन दिनों 2000 से अधिक मरीज हर दिन ओपीडी में आ रहे हैं। फिजिशियन और बालरोग विशेषज्ञ के कक्ष में बुखार पीड़ितों की संख्या अधिक है। इस समय 240 बुखार के रोगी वार्ड में भर्ती हैं। इसके अलावा ओपीडी में भी इनकी संख्या अधिक है। 

प्राइवेट वार्ड में भर्ती है एक डेंगू का मरीज
जिला अस्पताल में पहले बीजना गांव के मरीजों की जांच में 22 में डेंगू की पुष्टि हुई थी। इसमें से 20 गांव में ही इलाज के दौरान ठीक हो गए। दो मरीजों का इलाज जिला अस्पताल में भर्ती कर किया गया। प्रमुख अधीक्षक ने बताया कि बीजना गांव के डेंगू के पहले के सभी मरीज ठीक हैं। इस समय अस्पताल में गार्डनिंग का काम देखने वाला कर्मचारी नरेंद्र डेंगू से पीड़ित है। उसे प्राइवेट वार्ड में भर्ती कर इलाज कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: दो विभागों की लापरवाही से फंसी करोड़ों की रकम, विद्युत विभाग ने अमीनों पर लगाया वसूली से बचने का आरोप

संबंधित समाचार