काशीपुर: युवती का धर्मांतरण कर शादी करने का आरोप
काशीपुर, अमृत विचार। गाजियाबाद निवासी एक युवक पर युवती को घर में कैद कर धर्मांतरण कराकर शादी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
काशीपुर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गाजियाबाद निवासी सौरभ सिंह ने अपने पिता, मां व भाई तथा एक अन्य के साथ मिलकर उनकी पुत्री को नशीला पदार्थ खिलाकर उसका जबरदस्ती धर्मांतरण कर शादी की है और शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि उसकी पुत्री के साथ मारपीट कर उसे युवक ने अपने घर में कैद कर रखा था।
जहां से युवती किसी तरह भागकर अपने घर पहुंची और आपबीती बताई। आरोप है कि उसके घर वाले फोन पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस में शिकायत के बाद कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
