UP: दोस्ती करो… वरना तेजाब से जला दूंगा, शोहदे ने दी धमकी, छात्रा ने कॉलेज जाना छोड़ा, जानिए- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में शोहदे ने छात्रा को धमकी दी।

कानपुर के बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में शोहदे ने छात्रा को दोस्ती नहीं करने पर तेजाब से जलाने की धमकी दी। डीसीपी दक्षिण के आदेश पर बाबूपुरवा थाने में शोहदे के खिलाफ मामला दर्ज हुआ।

कानपुर, अमृत विचार। बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में एक छात्रा को एक शोहदा लगातार दोस्ती का दबाव बनाकर परेशान कर रहा है। शोहदे ने दोस्ती न करने पर तेजाब से जलाने की धमकी दे डाली। इससे भयभीत छात्रा ने कॉलेज ही छोड़ दिया। आरोप है कि शोहदे ने पीड़िता के पिता और रिश्तेदारों को अश्लील तस्वीरें भेजीं। जिससे उन लोगों के होश उड़ गए। शुक्रवार को डीसीपी दक्षिण के आदेश पर बाबूपुरवा पुलिस ने धमकी और आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। 

बाबूपुरवा निवासी एक सुपरवाइजर की बेटी शहर स्थित एक कॉलेज में बीए सेकेंड ईयर की छात्रा है। पीड़िता के पिता ने बताया कि कॉलेज जाने के दौरान प्रथम गुप्ता नाम का युवक बेटी को परेशान करने लगा। दोस्ती नहीं करने पर हत्या की धमकी देने लगा। कॉलेज जाते समय शोहदे ने दुपट्टा खींच तेजाब से नहलाने की धमकी दी।

जिसके कारण उसने दहशत में आकर कॉलेज जाना छोड़ दिया। वह किदवई नगर निवासी अपने ताऊ के घर चली गई। बेटी के बदले स्वभाव पर परिजनों को संदेह हुआ तो कारण पूछा। तब पूरी घटना बताई। पिता ने युवक का मोबाइल नंबर से उससे संपर्क किया तो वह बेटी से शादी करने को बोला। उसने छात्रा की अश्लील तस्वीरें पिता के मोबाइल पर भेजी लोकलाज से पिता चुप रहे तो शोहदे ने रिश्तेदारों के मोबाइल पर तस्वीर भेजी।

सभी के फोन आने पर पीड़िता के पिता बड़े भाई के साथ डीसीपी दक्षिण रविंद्र कुमार के कार्यालय पहुंचे। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक अवधेश शुक्ला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले कल्याणपुर थानाक्षेत्र में एक शोहदे से परेशान होकर नायब सूबेदार की भतीजी ने स्कूल छोड़ दिया था।

संबंधित समाचार