बरेली: जूते, चप्पल पहन मोमबत्ती से चिपका रहे थे ब्रेड, रस्क और बिस्किट के पैकेट
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर शुक्ला ने निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई कमियां मिलीं। एक फूड फैक्ट्री में ब्रेड, रस्क और बिस्किट के पैकेट जमीन में रखे थे और कर्मचारी जूते-चप्पल पहनकर मोमबत्ती से पैकेट चिपका रहे थे। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर कर फैक्ट्री मालिक को चेतावनी दी। उन्होंने इकाइयों, बंद पड़ी इकाइयों, खाली प्लाट के बारे में विस्तार से जानकारी की।
भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष अजय शुक्ला ने बताया कि निरीक्षण के दौरान 48 नंबर प्लाट में आमिर फूड प्रोडेक्ट के अंदर संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर शुक्ला को कुछ लोग जूते, चप्पल पहनकर काम करते मिले। इस पर उन्होंने फैक्ट्री मालिक को मानक के अनुसार ही काम कराने के आदेश दिए। चेतावनी दी कि, अगर सही से काम नहीं किया तो फूड विभाग को भेजकर सैंपल कराया जाएगा। कहा कि मोमबत्ती की जगह ऑटोमेटिक मशीन से पैकेटों को सील करना चाहिए। निरीक्षण के दौरान प्लाट नंबर 35 और 36 में कोई काम नहीं होता देख फाइलें मांगी हैं।
उन्होंने यूपी केमिकल फैक्ट्री के निरीक्षण के दौरान कहा कि यहां सुरक्षा के लिहाज से इंतजाम पुख्ता करें। इस फैक्टरी में अमोनिया और सीओ टू गैस का का काम होता है। सावधानी बरतने के आदेश दिए। इस मौके पर भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष अजय शुक्ला, प्रभारी उपायुक्त उद्योग अर्चना पॉलीवाल, कौशल श्रीवास्तव, उद्यमी अजय सरोगी, सुशील अग्रवाल, आरएन दीक्षित, आस मोहमद, मनोज पंजाबी, आशीष तायल, मोहम्मद बाकर, अमित गुलाठी, रिजवान, विनोद सक्सेना, प्रखर अग्रवाल, विनोद गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद आदि रहे।
इनसेट
बारिश के पानी निकासी की गंभीर समस्या
निरीक्षण के दौरान संयुक्त आयुक्त को बारिश के पानी का निकास न होने की बड़ी समस्या दिखी। उन्होंने देखा कि पानी निकासी के लिए उस तरह ढलान नहीं है। पानी जहां का तहां भरा है, इस पर उन्होंने अपनी ओर से टीम भेजकर समस्या को दूर कराने की बात कही। पीएनसी की ओर से बनाए गए नाले को देखा। एक नाला बंद मिला। दूसरा इंडस्ट्रियल क्षेत्र के बाहर बने नाले में न पानी आ सकता है न जा सकता है। बरसात के दौरान पुल का पानी औद्योगिक क्षेत्र में गिरता है। इसको लेकर मिट्टी का भराव कराने की बात कही।
छह महीने का समय...प्लाट निरस्त कर करेंगे अलाट
भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने कई समस्याएं उठाईं। अध्यक्ष अजय शुक्ला ने बताया कि भोजीपुरा टोल प्लाजा वाले टोल नहीं बना रहे हैं। पांच में से तीन लेन ही चालू रखते हैं। दो बंद रखते हैं। उद्यमियों ने बिजली ट्रिपिंग की समस्या उठाई। कहा कि इंडस्ट्रियल क्षेत्र के बाहर कई इकाइयां हैं। फाल्ट की वजह से सभी इकाइयां बंद हो जाती हैं। ऐसा दिन में आठ से दस बार होता है। सड़क पर रोशनी की पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
संयुक्त आयुक्त ने कहा कि रिजर्व प्लाट के ऊपर से निकली लाइनों को विभाग अलाट नहीं करेगा। उन्होंने जल्द ही बैठक करने की बात कही। बंद इकाइयों के बारे में छह महीने का समय दिया। इसके बाद आवंटन को निरस्त कर दूसरे के नाम अलाट करने की बात कही है।
ये भी पढे़ं- बरेली: सीबीगंज में शाम को नहीं आई पानी की सप्लाई, लोग हुए परेशान...सरकारी नल भी पड़े खराब
