अमेठी: युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष और उनके साथियों पर एससीएसटी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
अमेठी, अमृत विचार। कस्बे में दो दिन पूर्व देर शाम बाजार से घर जा रहे दलित दंपति से मारपीट और अभद्रता करना युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष को महंगा पड़ गया। दलित की तहरीर पर युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत अन्य पर अमेठी कोतवाली में एससीएसटी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। नामजद आरोपियों में ब्लाक अध्यक्ष और कई अन्य भी शामिल हैं।
पूरा मामला अमेठी कस्बे का है। जहाँ शुक्रवार की देर शाम मुंशीगज थाना क्षेत्र के भुसियावां गांव के रहने वाले दलित जगदीश कोरी अपनी पत्नी के साथ घर जा रहा था जहाँ मुंशीगज रोड पर पहले से मौजूद युवक कांग्रेस अध्यक्ष शुभम सिंह, ब्लाक अध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह लोहा और उनके साथियों ने जगदीश से अभद्रता करने लगे और कहा कि तुम लोग सिर्फ फ्री के राशन पर जी रहे हो। भविष्य में तुम लोगों के बच्चे कहाँ जाएंगे।
जब जगदीश ने कहा कि सरकार हमे राशन दे रही तो शुभम और उसके साथियों ने जगदीश और उसके पत्नी की पिटाई कर दी। घटना के बाद लोगों के इकट्ठा होने पर सभी आरोपी मौके से भाग निकले। कल शनिवार शाम अमेठी कोतवाली पहुँचे जगदीश ने पूरे मामले की शिकायत की जिसके बाद शुभम सिंह, बृजेन्द्र सिंह, लोहा और अन्य अज्ञात पर एससीएसटी, 323, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
दो बजे अमेठी आएंगे अजय राय
युवक कांग्रेस अध्यक्ष शुभम सिंह पर दो दिन पहले हुए हमले के मामले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय दोपहर दो बजे अमेठी आएंगे। जहाँ वो मुसाफिरखाना में घायल शुभम सिंह से मुलाकात करेंगे।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: निबंधन कार्यालय सवायजपुर में कर्मचारी का शराब पीते वीडियो वायरल, मचा हड़कंप
