Raksha Bandhan 2023: रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही बाजार हुए गुलजार, इस तरह की राखियों की बहनें कर रही डिमांड
कानपुर देहात में रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही बाजार हुए गुलजार।
कानपुर देहात में रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही बाजार राखियों से गुलजार हो गए। बहनों ने बाजार पहुंचकर राखियों की खरीदारी शुरू कर दी है।
कानपुर देहात, अमृत विचार। बहन-भाई के प्यार का प्रतीक रक्षा बंधन नजदीक आते ही बाजार भी रंग-बिरंगी राखियों से गुलजार हो गया। इस बार बाजार में 10 रूपये से लेकर 500 रूपये तक की कीमत की राखियां बिक्री के लिए उतारी गई हैं। इसमें बहनों को चंदन, रूद्राक्ष और अमेरिकन डायमंड राखियां भा रही है। बहनों ने बाजार पहुंचकर राखियों की खरीदारी शुरू कर दी है।
भाई-बहन के प्रतीक रक्षाबंधन 30 और 31 अगस्त को धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। अवसर को भुनाने के लिए दुकानदार पहले ही सक्रिय हो गए थे। लिहाजा उन्होने आकर्षक डिजाइनों में बड़ी संख्या में रंग-बिरंगी राखियां लाकर बाजार में बिक्री के लिए उतारी हैं। दुकानदारो ने अमेरिकन डायमंड, चंदन, रूद्राक्ष, फेंसी, ब्रासलेर, गुड्डे व लाइटिंग की राखियों को दुकानों में सजा रखा है। त्योहार नजदीक आते ही बाजार में रौनक बढ़ गई है।
रविवार को सुबह से बड़ी संख्या में बहनों ने अकबरपुर, राजपुर मूसानगर, मंगलपुर, शिवली, रसूलाबाद बाजार आदि जगह बाजार में पहुंची। वहां बहनों को अमेरिकन डायमंड, ब्रासलेर, रूद्राक्ष और चंदन की राखियां भाई। इसमें बहनों ने जमकर अपनी पंसद की राखियों की खरीदारी की। वहीं बच्चों ने भी अपनी पसंद की कार्टून, गुड्डे और लाइटिंग वाली राखियां खरीदी।
मूसानगर बाजार स्थित दुकानदार सद्दाम सौदागर ने बताया कि अबकी बार बाजार में पांच रूपये से 500 रूपये तक कीमत की राखियां बिक्री के लिए लाई गई है। इसमें बहनों को अमेरिकन डायमंड, ब्रासलेर राखिया जमकर खरीद रही है। वहीं अकबरपुर बाजार स्थित दुकानदार रामजी ने बताया कि हमारे पास पांच रूपये से 500 रूपये तक की राखियां हैं। जिसमें बहने अपने भाइयों के लिए अबकी बार चंदन, रूद्राक्ष और फैंसी राखियां खरीद रही है।
लेडी लुम्बा राखियों की भी भरमार: मूसानगर बाजार के दुकानदार कमल सिंह ने बताया कि अबकी बार बड़ी संख्या में लेडी लुम्बा राखियों की भी बाजार में भरमार है, जो बहनों को खूब भा रही है और उनकी जमकर खरीदारी कर रही है। जिससे इन राखियों की बाजार में डिमांड बढ़ गई है।
