बंगाल में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की एनआईए जांच हो: शुभेंदु अधिकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक शुभेंदु अधिकारी ने उत्तर 24 परगना जिले में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से कराने की सोमवार को मांग की।

भाजपा विधायकों ने रविवार को हुई इस घटना के विरोध में सोमवार को विधानसभा से बहिर्गमन किया। अधिकारी ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, “सभी सबूत नष्ट होने से पहले राज्य सरकार को घटना की जांच तत्काल एनआईए को सौंप देनी चाहिए। हमने कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के समक्ष एक याचिका भी दाखिल की है, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।” 

भाजपा नेता ने यह भी कहा कि विस्फोट इतना तीव्र था कि आसपास के घरों की कंक्रीट की छतों को गंभीर नुकसान पहुंचा। उन्होंने दावा किया, “आरडीएक्स विस्फोटक के इस्तेमाल के कारण विस्फोट की तीव्रता काफी अधिक थी।” पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में इकाई के मालिक और उसके बेटे सहित कुल आठ लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस विस्फोट के संबंध में फैक्ट्री के मालिक के साझेदार को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने यह भी कहा कि जब एगरा में इसी तरह का विस्फोट हुआ था, तब मुख्यमंत्री ने कहा था कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय करने के लिए मुख्य सचिव के नेतृत्व में एक दल बनाया जाएगा। 

भाजपा नेता ने सवाल किया, “राज्य सरकार जो उपाय करने वाली थी, उनका क्या हुआ?” पूर्व मेदिनीपुर जिले के एगरा में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में मई में हुए विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई थी। अधिकारी ने यह भी दावा किया कि विस्फोट में मारे गए सभी लोग पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से जुड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपों पर विस्फोटक अधिनियम की धाराएं लागू नहीं की जातीं, तब तक केंद्र सरकार घटना का स्वत: संज्ञान लेकर इसकी जांच एनआईए को नहीं सौंप सकती।

ये भी पढे़ं- प्रधानमंत्री ने दरबार साहिब के पूर्व मुख्य ग्रंथी ज्ञानी जगतार सिंह के निधन पर जताया शोक 

 

संबंधित समाचार