हल्द्वानी: अतिक्रमण के खिलाफ सुप्रीम लड़ाई का ऐलान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूर्व विधायक बोले, लोगों के पास भूमि के वास्तविक दस्तावेज, उजाड़ना गलत

हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्यमार्गों के किनारे बसे लोगों को उजाड़ने की कार्रवाई का विरोध तेज हो गया है। सोमवार को भीमताल विधानसभा के पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी ने क्षेत्र के लोगों के साथ बैठक कर अतिक्रमण के नोटिस के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ने की बात कही।

लालडांठ स्थित एक बारात घर में बैठक के दौरान दान सिंह भंडारी ने उच्च न्यायालय के आदेश पर प्रदेश सरकार की ओर से जनहित में पैरवी न करने पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से सड़क किनारे बसे लोग अपनी आजीविका चला रहे हैं। ऐसे में अतिक्रमण के नाम पर उन्हें उजाड़ना सरासर गलत है।

इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी जा रही है। कहा कि जिन लोगों को अतिक्रमणकारी बताकर उजाड़ा जा रहा है उनके पास अपनी भूमि के वास्तविक दस्तावेज हैं। इसके बावजूद उन्हें नोटिस दिया जाना उचित नहीं है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश में किसी भी प्रकार की दुकानों को तोड़ने का आदेश नहीं दिया गया है। लेकिन सरकारी तंत्र तोड़ने के नोटिस चस्पा कर भय का माहौल बना रहा है। बैठक में नारायण बर्गली, पान सिंह बिष्ट, मदन सिंह नौलिया, प्रताप बर्गली, लक्ष्मण सिंह नेगी, गोपाल, करन बोरा, गजेंद्र बोहरा, कुंदन सिंह नयाल, महेश चंद्र भंडारी, खीमानंद भंडारी, डुगर सिंह ढैला, प्रकाश चंद्र बृजवासी, नवीन पलड़िया समेत कई लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: रामनगर: एक साल से दुर्घटना कारित करने वाला न पकड़ने पर रोष    
 

संबंधित समाचार