हल्द्वानी: पहले शतक के करीब डेंगू, नौ नए मरीज मिले
एसटीएच में 14 और बेस अस्पताल में 6 मरीज हैं भर्ती
हल्द्वानी, अमृत विचार। डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एलाइजा जांच में नौ नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिले में अब तक 96 डेंगू मरीज मिल चुके हैं। जिससे डेंगू पहले शतक के करीब पहुंच गया है।
हल्द्वानी शहर तथा आसपास के ग्रामीण इलाकों में डेंगू का डंक गहरा होता जा रहा है। अस्पतालों में बुखार और उल्टी-दस्त से पीड़ित मरीजों की तादात बढ़ती जा रही है। हर दिन कार्ड जांच में 8 से 10 मरीजों में डेंगू के लक्षण मिल रहे हैं।
चिकित्सक मरीजों की हालत देख उन्हें भर्ती होने की सलाह दे रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कुमाऊं के सबसे बड़े सुशीला तिवारी अस्पताल में वर्तमान में डेंगू के 14 तथा बेस अस्पताल में 6 मरीज भर्ती हैं। इन सभी मरीजों की एलाइजा रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा कई संदिग्ध डेंगू मरीज भी भर्ती हैं, जिनके सैंपल एलाइजा जांच के लिए भेजे गये हैं।
इधर, मंगलवार को एलाइजा रिपोर्ट में नौ मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
इनमें सात नैनीताल तथा दो अल्मोड़ा जनपद के हैं। जबकि नौ मरीज कार्ड में पॉजिटिव आए हैं। इनमें छह नैनीताल, एक ऊधमसिंह नगर, एक चंपावत तथा एक पिथौरागढ़ जनपद का है। कार्ड पॉजिटिव मरीजों के सैंपल एलाइजा जांच के लिए भेजे गये हैं। सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने डेंगू की रोकथाम और बचाव के लिए लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई रखने तथा कहीं भी पानी जमा न होने देने की अपील की है।
