पीलीभीत: एसओजी ने दूर किया सुनगढ़ी पुलिस का दर्द..अब कुछ टेंशन हुई दूर..जानिए मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। एसओजी टीम की सुरागरसी के बाद हुए गुडवर्क ने  सुनगढ़ी पुलिस की टेंशन कम कर दी।  बरहा अंडरपास के पास से दो अंतरराज्यीय ऑटो लिफ्टर धर दबोचे। उनकी निशानदेही पर पूर्व में चोरी की गई 17 बाइक बरामद की गई। एएसपी ने खुलासा कर इसे बड़ी सफलता बताया। चालान कर कोर्ट में पेश करके दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

पिछले कई दिनों से शहर में ऑटो लिफ्टर पुलिस सिरदर्द बने हुए थे। खासकर सुनगढ़ी क्षेत्र में सिलसिलेवार तरीके से घटनाएं अंजाम दी जा रही थीं। एसओजी व सर्विलांस टीम को सुरागरसी में लगाया गया। जिसके बाद दो शातिर ऑटो लिफ्टर के सोमवार रात बरहा अंडरपास के पास होने की जानकारी मिली।

सुनगढ़ी पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ दबिश दी। जिसके बाद दो आरोपी न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव सिमरिया गौसू निवासी राजेंद्र सिंह उर्फ अजगर और गांव बिथरा अड्डा निवासी राजू को गिरफ्तार किया। उनके पास मिली दो बाइक चोरी की निकली। हिरासत में लेकर दोनों से पूछताछ की गई।

जिसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर बरहा अंडरपास के पीछे हाईवे पुल के नीचे छिपाकर रखी गई 15 अन्य बाइकों को भी बरामद कर लिया गया। बरामद में से छह बाइक सुनगढ़ी थाना क्षेत्र, एक न्यूरिया और एक बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। अन्य बाइक उत्तराखंड व बरेली के अन्य थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।

एएसपी अनिल कुमार यादव ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में खुलासा किया। बताया कि पकड़े गए आरोपियों पर बाइक चोरी, जानलेवा हमला, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बाइक चोरी करने के बाद जालसाजी करते हुए इसकी खरीद फरोख्त करते थे।

संबंधित समाचार