प्रयागराज: युवक की हत्या के बाद चक्काजाम, ग्रामीणों ने पुलिस के वाहनों पर किया पथराव
शंकरगढ़/नैनी, अमृत विचार। प्रयागराज जनपद के यमुनानगर इलाके के बारा थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में बीती रात पुराने विवाद में चंद्रशेखर भारतीय नामक युवक की लाठी डंडो से पीटकर हत्या कर दी गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के झांसी मिर्जापुर हाइवे के नीबी चौराहा पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने मांग किया कि मृतक चंद्रशेखर के तीन नाबालिक बच्चे हैं। भरण पोषण के लिए सरकार की तरफ से 50 लाख रुपए, पांच बीघा जमीन और पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए। मौके पर डीसीपी यमुनानगर संतोष मीणा सहित यमुनानगर के सभी थानों की फोर्स एवं कई एसीपी मौके पर पहुँचे। परिवार एवं ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। वहीं पुलिस द्वारा मृतक की लाश को प्रशासन द्वारा जबरदस्ती उठा कर ले जाने से ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो गए।
ग्रामीणों द्वारा पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया गया, जिससे कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए एवं कई सरकारी गाड़ियों की क्षति हुई। बाद में पुलिस ने लोगों को आश्वासन देकर शांत किया। वहीं डीसीपी यमुनानगर संतोष मीणा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि दो नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: अखिलेश यादव को पीएम कैंडिडेट बनाने पर बोले केशव प्रसाद मौर्य, CM बन नहीं सकते, देख रहें PM का सपना
