हल्द्वानी: हर घंटे औसतन 2 एकड़ जंगल से हटाया जा रहा अतिक्रमण
सीएम की सख्ती के बाद बीते 7 दिनों में 352 एकड़ जंगल से हटाए गए अवैध कब्जे
हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य के जंगलों से अवैध कब्जे हटाने का अभियान ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। आंकड़ों पर गौर करें तो हर घंटे औसतन 2 एकड़ वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है।
हाल ही में प्रमुख वन संरक्षक अनूप मलिक ने जंगलों से अवैध कब्जे हटाने के सख्त आदेश दिए थे। इसके बाद पश्चिमी वन वृत्त, शिवालिक वृत्त, राजाजी पार्क में करीब 352 एकड़ वन भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है। साथ ही अवैध कब्जा करने वालों को दोबारा अतिक्रमण पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वन विभाग के अनुसार, तराई पूर्वी वन डिवीजन में 37.5 एकड़, तराई पश्चिमी में 6.25 एकड़, तराई केंद्रीय में 37.5 एकड़ वन भूमि से अवैध कब्जे ध्वस्त किए गए। इसके अलावा गढ़वाल मंडल में भी राजाजी टाइगर रिजर्व, देहरादून में भी वन भूमि से अवैध कब्जे ध्वस्त किए गए हैं। पिछले सात दिन में 352 एकड़ भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है।
वन विभाग का दावा है कि औसतन हर घंटे दो एकड़ भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई है।अतिक्रमण हटाओ अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. पराग मधुकर धकाते ने बताया कि अब तक 2,859 एकड़ वन भूमि से अवैध कब्जे हटाए गए हैं।
