बरेली: सरकारी दफ्तर में प्राइवेट कर्मी से कराया काम तो भुगतना पड़ेगा बुरा अंजाम
बरेली, अमृत विचार। सरकारी कार्यालयों में प्राइवेट कर्मचारियों से काम कराने पर शासन ने पाबंदी लगा दी है। शासन ने कमिश्नर और डीएम को पत्र भेजकर सरकारी कार्यालयों में प्राइवेट कर्मचारियों के प्रवेश पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। इस आदेश का सख्ती से पालन न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। आदेश आने के बाद सरकारी कार्यालयों में खलबली मच गई है।
सरकारी कार्यालयों में अफसरों ने निजी कर्मचारियों को रख रखा है, जो उनके सारे कामकाज करते हैं। कई विभागों में तो प्राइवेट कर्मी महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इससे गोपनीय जानकारियां बाहर जाने से उनका गलत इस्तेमाल की आशंकाएं रहती हैं। लिहाजा अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त अनिल कुमार यादव ने सरकारी दफ्तरों में प्राइवेट कर्मियों से काम कराने पर रोक लगाने के आदेश कमिश्नर और डीएम को जारी किए हैं।
दो दिन पूर्व जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि मंडल, कलेक्ट्रेट, तहसील कार्यालयों में कर्मचारी सरकारी कार्य कराने में प्राइवेट कर्मियों की मदद ले रहे हैं, इससे विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितताएं होने की शिकायतें शासन तक पहुंची हैं। उन्होंने इसे आपत्तिजनक करार देते हुए तत्काल सरकारी कार्यालयों में प्राइवेट कर्मियों से कार्य कराने पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। आदेश का कड़ाई से पालन नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्राइवेट कर्मियों के सहारे चल रहे कई विभाग
शासन के आदेश से ऐसे विभागों में खलबली मच गई है जहां सरकारी कर्मचारी अपना काम खुद न करके प्राइवेट कर्मियों से कराते हैं। कुछ दफ्तरों को छोड़ दिया जाए तो कई ऐसे कार्यालय हैं, जहां पर प्राइवेट कर्मी ही एक तरह से समानांतर सरकार चलाते हैं। विकास भवन, निर्वाचन, भूलेख, खाद्य औषधि एवं प्रशासन, एआरटीओ कार्यालय समेत 15 से 20 विभागों में ऐसे लोगों का बोलबाला है।
कुछ दिन के लिए कार्यालय आने से किया मना
विभागीय कर्मचारियों के मुताबिक शासन का आदेश आने के बाद सबसे ज्यादा वे लोग परेशान हैं, जो खुद मौज करते हैं और अपना पूरा काम प्राइवेट कर्मियों से कराते हैं। यहां तक कि अवैध लेनदेन के काम तक उन्हीं के जरिये होते हैं। अब ऐसे लोग प्राइवेट कर्मचारियों के मोबाइल पर आदेश की प्रति भेजकर उन्हें कुछ दिन तक दफ्तर न आने के लिए कह रहे हैं। उनका कहना है कि अभी मामला गर्म है कुछ दिन बाद ठंडा पड़ने पर दोबारा बुला लिया जाएगा।
ये भी पढे़ं- बरेली: सेवानिवृत्त हुए 16 पुलिस कर्मियों को एडीजी ने भेंट किए प्रतीक चिन्ह
