हल्द्वानी: लालकुआं दुग्ध संघ में भारी वित्तीय अनियमितताएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुग्ध संघ अध्यक्ष व अधिकारियों पर लगाया सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप

हल्द्वानी, अमृत विचार। लालकुआं दुग्ध संघ में भारी वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुग्ध संघ अध्यक्ष व अधिकारियों ने अपने निजी हितों के लिए सरकारी धन का दुरुपयोग किया है। इस मामले में मुख्यमंत्री ने कुमाऊं आयुक्त को कार्रवाई के आदेश दिये हैं।
 

शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में समाजसेवी भुवन चंद्र पोखरिया ने बताया कि आरटीआई के तहत मांगी गई सूचनाओं के जवाब में दुग्ध संघ लालकुआं में वित्तीय अनियमितताएं में भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है। बताया कि दुग्ध संघ अधिकारियों ने अलग-अलग फर्मों को एक ही जीएसटी नंबर से लाखों के बिलों का भुगतान किया है। इतना ही नहीं वर्ष 2022 में हुई वार्षिक सामान्य बैठक (एजीएम) में बिना टेंडर के कंबल व अन्य सामान की खरीद-फरोख्त की गई है।

पोखरिया ने कहा कि एक मामले में दुग्ध संघ ने कैलाश द्वार कंट्राक्शन को निविदा में दिये गये नियम व शर्तों की आपूर्ति के बिना टेंडर व पांच लाख रुपये का अग्रिम भुगतान तक किया है। उन्होंने दुग्ध संघ अध्यक्ष पर अपने मौलिक प्रचार-प्रसार में सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया। साथ ही संस्था के वाहनों का निजी उपयोग करने की भी बात कही। कहा कि इस वर्ष 6 जनवरी को दुग्ध संघ अध्यक्ष और अधिकारियों ने दक्षिण भारत का भ्रमण किया था, जिसमें आए खर्चे का भुगतान तक सरकारी धन से हुआ है।

 उन्होंने कहा कि बाहरी प्रदेशों से आने वाले दुग्ध में भारी मिलावट हो रही है। जिसका लोगों की सेहत पर प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करते हुए दुग्ध संघ प्रबंध कमेटी के सदस्यों की आय व सम्पत्ति की जांच तथा यूसीडीएफ में हुई कर्मचारियों की भर्ती में पत्रवालियों की जांच की मांग की। जिस पर मुख्यमंत्री ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावक को शीघ्र कार्रवाई के आदेश दिये हैं।

संबंधित समाचार