हल्द्वानी: गौलापार में रेरा के खिलाफ गरजे किसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर गुरुद्वारे में हुई सभा, फिर सुंदरपुर रैक्वाल, लछमपुर में चलाया गया हस्ताक्षर अभियान

हल्द्वानी, अमृत विचार। किसानों का रेरा एक्ट के विरोध में प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी है। किसानों ने गौलापार के सीतापुर गुरुद्वारे में जनसभा की फिर गौलापार में रेरा के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।

युवा किसान संघर्ष समिति के बैनर तले किसानों ने शुक्रवार को गौलापार के सीतापुर गुरुद्वारे में चौपाल लगाई । यहां इकट्ठा हुए किसानों ने रेरा के खिलाफ हुंकार भरी। रेरा की खिलाफत में लछमपुर, सुंदरपुर रैक्वाल में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। किसान नेता अवतार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार गौलापार में जो टाउनशिप बसाना चाहती है उसके लिए भूमि कैसे, कहां से ली जाएगी, अब इसका खुलासा भी सरकार को करना चाहिए।

भूमि किसानों से छीनी जाएगी या सरकारी होगी, इसकी भी जानकारी किसानों को होनी चाहिए। साथ ही वित्त मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल जिन निजी निवेशकों को प्रोत्साहित करने का दावा कर रहे हैं, उन निजी निवेशकों का खुलासा, प्रोत्साहन के लिए दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी बताना चाहिए।

किसान नेता बलजीत सिंह ने आरोप लगाया कि  की सरकार टाउनशिप और निजी निवेशकों के प्रोत्साहन के नाम पर किसानों की भूमि अधिग्रहीत कर रही है। भूमि अधिग्रहण के लिए जिला विकास प्राधिकरण व रेरा को हथियार बनाया जा रहा है। किसान कैलाश सिंह क्वीरा ने कहा की शासन व प्रशासन को रेरा एक्ट की अव्यावहारिक दिक्कतें भी समझनी चाहिए। फिलहाल किसानों का रेरा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान अर्जुन सिंह बिष्ट, नवीन पांडे, मनोज ख़ुल्बे, राम सिंह नगरकोटी, लखविन्द्र सिंह, ललित दुम्का, शेखर रावत, अनुराग बिष्टि आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार