लखनऊ: सेवानिवृत्त सैनिक की बेटी ने किया दुष्कर्म का विरोध, चाकू से गोदा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीजीआई थाना क्षेत्र के रेवतापुर में हुई वारदात, ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही थी शिक्षिका

लखनऊ/ पीजीआई, अमृत विचार। पीजीआई थानांतर्गत रेवतापुर में ट्यूशन पढ़ाकर घर की ओर लौट रही सेवानिवृत्त सैनिक की बेटी (20) के साथ तीन युवकों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर शोहदों ने शिक्षिका को चाकू से हमला करते गोद डाला। शिक्षिका का कैंट स्थित कमांड अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

घटना गत बुधवार रात की बताई जा रही है। पीड़िता के पिता ने एक नामजद व दो अज्ञात समेत तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं शुक्रवार को पुलिस ने नामजद आरोपी पंकज रावत (27) को गिरफ्तार कर लिया है। पंकज रेवतापुर का ही रहने वाला है। अस्पताल में पीड़िता के शरीर पर चाकूओं के 22 निशान मिले हैं।

स्कूटी से धक्का देकर गिराया, चिल्लाने पर चाकू से किया ताबड़तोड़ वार

लिखित शिकायत में रेवतापुर निवासी पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी (20) बुधवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित बबलू यादव के घर में ट्यूशन पढ़ाने के लिए गई थी। शाम करीब 7:00 बजे ट्यूशन पढ़ाकर लौट रही थी, तभी बबलू यादव के घर से करीब 30 मीटर की दूरी पर पूर्व से घात लगाए बैठे पंकज रावत व उसके दो साथियों ने स्कूटी को रोका और धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद दुपट्टे को गले में लपेटकर दुष्कर्म करने के इरादे से झाड़ियों की खींचने लगे। पीड़िता ने शोर मचाकर विरोध किया तो पंकज ने उसके पेट, पीठ समेत शरीर के विभिन्न अंगों पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किये। लहूलुहान पीड़िता को मरा हुआ समझकर तीनों आरोपी मौके से भाग निकले।

पीड़िता का पंकज से पूर्व से था परिचय

एडीसीपी पूर्वी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि पीड़िता का पूर्व से पंकज से परिचय था। एकतरफा प्यार की बात सामने आई है। वहीं पंकज पिछले कई दिनों से पीड़िता का पीछा कर रहा था। उसे पता था कि पीड़िता कितने बजे कहां से ट्यूशन पढ़ाकर निकलती है। पंकज रेकी कर घटना स्थल पर पूर्व से घात लगाये बैठा हुआ था।

शिकायत तीन के खिलाफ, गिरफ्तार सिर्फ एक

इधर मामले में पीजीआई पुलिस ने शुक्रवार को पंकज रावत को रेवतापुर प्राथमिक विद्यालय के पीछे जंगल में नाले के पास से गिरफ्तार किया है। एडीसीपी पूर्वी ने बताया कि 161 के बयान के दौरान पीड़िता ने बताया है कि घटना के दौरान पंकज के अलावा दोनों अज्ञात युवक केवल वहां पर खड़े हुए थे। फिलहाल दोनों युवकों के बारे में पड़ताल की जा रही है।

महिलओं ने विजय चौक पर किया प्रदर्शन, महापौर ने की मुलाकात

घटना को लेकर गत गुरुवार को पीड़िता के आसपड़ोस में रहने वाली दर्जनों महिलाओं ने नीलमथा के विजय चौक पर इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया। महिला सुरक्षा पर लखनऊ पुलिस की लचर व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपियों की अविलम्ब गिरफ्तारी की मांग की। वहीं महापौर सुषमा खर्कवाल ने कमांड हॉस्पिटल पहुंचकर पीड़िता और उसके परिजनों से हालचाल लिया। फरार आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें:-UP IAS Transfer: यूपी में कई आईएएस अफसरों के हुए तबादले, आलोक सिंह बने कानपुर देहात के डीएम

संबंधित समाचार