हल्द्वानी: लंदन वाले पति से झगड़ कर फंदे पर लटक गई महिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वीडियो कॉल पर झगड़ने के बाद दुपट्टे से लगाया फांसी का फंदा

हल्द्वानी, अमृत विचार। लंदन वाले पति से वीडियो कॉल पर झगड़ने के बाद एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची महिला के बहनों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर उसकी लाश लटकती मिली।

जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को फंदे से उतार कर एसटीएच भेजा। जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। 
     

मूलरूप से ज्योलीकोट की रहने वाली सबीना ने कुछ वर्ष पूर्व क्रिश्चियन धर्म अपना लिया था। पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर चैटिंग के दौरान 44 वर्षीय सबीना की मुलाकात गोवा निवासी जोस डिकोस्टा से हुई। जोस लंदन की एक बेकरी में काम करता है और अकसर वहीं रहता है।

करीब एक साल पहले दोनों के परिवार आपस में मिले और फिर जोस डिकोस्टा ने हल्द्वानी आकर सबीना से शादी कर ली। करीब दो माह पहले ही जोस वापस लंदन चला गया। इधर, लंदन जाने के लिए सबीना भी लगातार वीजा के लिए प्रयास कर रही थी। 
 

 बताया जाता है कि सबीना और जोस के बीच लगातार वीडियो कॉल और चैट होती रहती थी। शुक्रवार शाम भी दोनों के बीच वीडियो कॉल और चैट हुई। इस दरम्यान दोनों के बीच नोकझोंक हुई। जिसके बाद सबीना ने अंदर से कमरा बंद किया और फिर पंखे से दुपट्टा फंसा कर फांसी लगा दी।

इधर, लगातार फोन और मैसेज करने के बाद भी जब सबीना का फोन नहीं उठा तो जोस ने पास ही रहने वाली उसकी बहन को फोन किया। बहन मौके पर पहुंची तो अंदर से कुंडी लगी थी। उसके दरवाजे को धक्का दिया तो कुंडी टूट गई और देखा तो सामने सबीना का शव लटक रहा था। सबीना एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी। 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज