रामनगर: अतिक्रमण हटाने पर रोक की मांग को लेकर एक साथ मैदान में उतरे तमाम संगठन
रामनगर, अमृत विचार। अतिक्रमण हटाओ अभियान पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर शनिवार को तमाम संगठन एक साथ नजर आए। बंदी का मिलाजुला असर देखने को मिला। एक तरफ जहां रानीखेत रोड में बंद का असर जरूर देखने को मिला तो वहीं मुख्य बाजार कुछ घंटे बंद रहने के बाद पूरी तरह खुले नजर आए।
बता दें कि विभिन्न विभागों वन विभाग ,एन एच, सिंचाई विभाग लोक निर्माण विभाग आदि द्वारा चलाई जा रहे अतिक्रमण अभियान से आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने लखनपुर चुंगी से विभिन्न सामाजिक राजनीतिक व्यापारिक संगठनों ,प्रभावित कारोबारियों, लोगों के साथ जुलूस निकाला जो नगर के विभिन्न मार्गों, कोसी रोड ,ज्वाला लाइन ,घास मंडी, भवानीगंज रामनगर वन प्रभाग होते हुए तराई पश्चिमी वन प्रभाग डीएफओ कार्यालय पहुंचा, जहां जुलूस धरने में तब्दील हो गया।
धरना स्थल पर हुई उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के लालमणि के संचालन में हुई सभा में वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य की डबल इंजन सरकार पर लोगों को बेघर एवं बेरोजगार करने का आरोप लगाते हुये कहा कि मोदी सरकार ने 2 करोड लोगों को रोजगार तथा हर बेघर परिवार को घर देने की बात की थी लेकिन डबल इंजन सरकार लोगों को घर एवं रोजगार देना तो दूर उल्टा लोगों के घर एवं रोजगार छीन रही है।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार से हमारी मांग है कि जो जहां निवास कर रहा है ,जो जहां रोजगार कर रहा है उसी स्थान पर पर मलिकाना हक दे तथा कहीं पर हटाना जरूरी हो तो पहले उनका पुनर्वास करें उसके बाद हटाने की कार्रवाई करें। वक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि लोगों के घरों को बुलडोजर से ध्वस्त करने की कोशिश की गई तो धामी के बुलडोजर को लोगों के ऊपर से गुजरना होगा।
जुलूस तथा प्रदर्शन में पालिका अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अकरम , प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश चंद्रा,देवभूमि व्यापार अध्यक्ष मनिंदर सिंह सेठी, संरक्षक मनमोहन अग्रवाल, सभासद विमल आर्य,उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के महासचिव प्रभात ध्यानी, समाजवादी लोकमंच के संयोजक मुनीष कुमार, , इंकलाबी मजदूर केंद्र के पंकज,महिला एकता मंच की ललिता रावत, कौशल्या, प्रगतिशील महिला एकता केंद्र की तुलसी छिम्बाल,ताइप खान कांग्रेस , सुनील आइसा , पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष असद अली, राज्य आंदोलनकारी पान सिंह नेगी,मोहम्मद आसिफ, सूरज सैनी, भुवन,चंद्रशेखर जोशी,प्रदीप शर्मा, दीप चंद्र,कुबेर दत्त,शिशुपाल सिंह, शहजाद ,पंकज अग्रवाल ,कृपाल सिंह ,सुरेश चंद्र सहित सैंकड़ों की संख्या मे लोग मौजूद रहे।
