हल्द्वानी: ड्यूटी पर जा रहे सिपाही को पीटा, बोला उतरवा दूंगा तेरी वर्दी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिपाही की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दर्ज की गई नामजद रिपोर्ट

हल्द्वानी, अमृत विचार। बीच सड़क खड़े एक युवक ने ड्यूटी पर जा रहे सिपाही को बुरी तरह पीट दिया, उसकी वर्दी फाड़ दी और फिर एक बड़े नेता का नाम लेकर उसकी वर्दी उतरवाने की धमकी दी। इस मामले में काठगोदाम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। 

देवखड़ी मल्ला प्लाट दमुवाढूंगा निवासी कांस्टेबल लक्ष्मण सेक्रियाल पुत्र स्व. बीर सेक्रियाल के मुताबिक वह मंडी पुलिस चौकी में तैनात है। बीती 1 सितंबर की रात 9 बजे से उनकी चौकी में निगरानी ड्यूटी थी। रात वह अपनी कार से ड्यूटी के लिए निकले और जब बेड़ीखत्ता पहुंचे तो एक युवक बीच सड़क पर खड़ा था। जिसकी वजह से उन्हें कार रोकनी पड़ी। उन्होंने कई बार कार का हार्न बजाया, लेकिन युवक रास्ते से नहीं हटा।

इस पर उन्होंने कार का शीशा नीचे कर युवक को रास्ते से हटने के लिए कहा। कांस्टेबल की आवाज सुनते ही सड़क पर खड़ा युवक बौखला गया और सीधे सिपाही के पास पहुंचा। उसने हाथ कार के अंदर डालकर सिपाही का कॉलर पकड़ लिया और गाली-गलौज करने लगा।

युवक ने सिपाही को जान से मारने की धमकी। हाथापाई में सिपाही की वर्दी फट गई और उसकी नेम प्लेट गिर गई। आरोपी युवक ने एक बड़े नेता का नाम लेते हुए धमकाया कि एक फोन कर उसकी वर्दी उतरवा देगा। साथ ही यह भी कहा कि उसके जैसे पुलिस वालों को मारकर जेल जा चुका है।

कांस्टेबल लक्ष्मण के मुताबिक उक्त युवक का नाम मोहन आगरी उर्फ मन्नू है। काठगोदाम पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। काठगोदाम थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

संबंधित समाचार