बरेली: सिपाहियों ने थाना प्रभारी और मुंशी पर रिश्वत लेने का लगाया आरोप
सिरौली थाना का मामला, एसएसपी ने आंवला सीओ को सौंपी जांच
बरेली, अमृत विचार। सिरौली थाने में तैनात तीन सिपाहियों का थाना प्रभारी और मुंशी पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने आंवला सीओ डॉ. दीपशिखा को पूरे मामले की जांच सौंपी है। जांच के बाद सिपाहियों पर कार्रवाई की जाएगी। सिपाही नशे में बताए जा रहे हैं।
वायरल वीडियो में तीनों सिपाही एक तखत को साफ करने के बाद बैठ रहे हैं। उसके बाद एक दूसरे सिपाही से बात करते हुए एक थाना प्रभारी और मुंशी का नाम लेते हुए रिश्वत लेने की बात कह रहे हैं। उसके बाद तीनों सिपाही गालियां दे रहे हैं। एक सिपाही कह रहा है कि दोनों ने मिलकर पूरे थाना को दलाली का अड्डा बना दिया है।
एक मोहर लगाने का थाना प्रभारी और मुंशी एक-एक हजार रुपये लेते हैं। रुपये न देने पर मोहर लगाने से इन्कार कर देते हैं। एक सिपाही यह कहता है कि उसकी ड्यूटी मंत्री के यहां लगी है और वह यहां आया है, कहीं फंस न जाए। जिस पर दूसरा सिपाही रजिस्टर पर उसकी ड्यूटी चढ़ी होने की बात कहकर उसे दिलासा दिलाते नजर आ रहा है। जहां पर तखत रखा गया है वहां पर पूरी तरह से अंधेरा है। एक सिपाही के हाथ में टार्च है।
एक सिपाही ने कहा एसएसपी के सामने कहोगे
तीनों सिपाही शराब के नशे में इतना धुत थे कि बात-चीत के दौरान एक ने खुद इस दौरान वीडियो बना लिया। वहीं, एक सिपाही ने जब गाली देते हुए थाना प्रभारी और मुंशी पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया तो दूसरे सिपाही ने कहा क्या इस बात को एसएसपी के सामने कहोगे। जिस पर दूसरे सिपाही ने कहा कि क्या वह किसी से डरता है। वह किसी के भी सामने इस बात को कह देगा।
मामले में सीओ आंवला को जांच सौंपी है। पहले आरोप लगाने वाले सिपाही की पहचान कराई जा रही है, जिसके बाद लगाए गए आरोपी की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी---- घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी।
यह भी पढ़ें- बरेली: मदरसा और नई मस्जिद के निर्माण पर भड़के लोग, पहुंचे तहसील
