देहरादून: सितंबर तक रुकेगा मानसून, अक्टूबर के पहले सप्ताह में होगी विदाई
देहरादून, अमृत विचार। अभी कुछ दिनों से मौसम साफ दिखाई दे रहा है। और ऐसा लग रहा है कि मॉनसून ने हमे अलविदा कह दिया है। लेकिन ऐसा नहीं है मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार मॉनसून की विदाई देरी से होगी और ऐसा पूर्वानुमान लगाया जा रहा है कि मॉनसून 30 सितंबर तक रुक सकता है।
प्रदेश के कई जिलों में कई दौर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 5 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिले भारी बारिश होने की संभावना है। इन पांचों जिलों में तेज गर्जन और बिजली चमकने के साथ कई दौर की बौछार वाली बारिश हो सकती है। हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।
अगले सप्ताह छह से आठ सितंबर तक राज्य के अधिकतर जिलों में बारिश होने के आसार है। हालांकि तेज बारिश नहीं होगी। रही बात मानसून विदाई की तो बीते दो सालों से मानसून कुछ दिनों की देरी से विदा हो रहा है। इस बार भी मानसून के विदा होने में कुछ दिन देरी हो सकती है। - बिक्रम सिंह, निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र
गर्मी की मार और पसीने की धार कुछ दिन और झेलनी पड़ेगी
सितंबर की शुरुआत में ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक आने वाले दिनों में भी उमस भरी गर्मी होने की बात कर रहे हैं। शनिवार को दून का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। हालांकि शाम करीब चार बजे शहर के कुछ इलाकों में हुई बारिश से राहत मिली। रविवार को भी शहर का अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने के आसार हैं।
