रामनगर: राजकीय डिग्री कॉलेज की महिला प्रोफेसर लापता, गुमशुदगी दर्ज
रामनगर, अमृत विचार। राजकीय डिग्री कॉलेज की वनस्पति विज्ञान की प्रोफेसर संदिग्ध हालात में लापता हो गईं। परिजनों ने शहर कोतवाल में प्रोफेसर की गुमशुदगी दर्ज कराई है।

ऋचा पुनेठा (46 वर्ष) निवासी भरतपुरी राजकीय डिग्री कॉलेज में वनस्पति विज्ञान की प्रोफेसर हैं। वह शनिवार को सुबह 8 बजे कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुचीं। शनिवार की देर सायं जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने कॉलेज में भी पता किया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
करीब 6 माह पूर्व उनका तबादला पिथौरागढ़ से रामनगर हुआ था। वह यहां किराए पर रहती हैं, जबकि उनका परिवार देहरादून में रहता है। रक्षाबंधन पर उनका भाई मनीष पुनेठा त्योहार मनाने बहन के पास आया है, तब से यहीं रह रहा था। फिलहाल परिजनों ने रामनगर कोतवाली में प्रोफेसर की गुमशुदगी की शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि महिला प्रोफेसर की तलाश की जा रही है।
