प्रतापगढ़ : रुपये वापस न मिलने से आहत पूर्व बीडीसी ने खुद को मारी गोली
मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ केस
कुंडा/ प्रतापगढ़, अमृत विचार। प्रॉपर्टी के लिए दूसरों को दिये 15 लाख रुपये वापस ने मिलने पर अघिया निवासी पूर्व सदस्य क्षेत्र पंचायत ने गोली मारकर जान दे दी। पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कुंडा कोतवाली के अघिया निवासी मुकेश सरोज (45) पुत्र ओम प्रकाश सरोज पूर्व सदस्य क्षेत्र पंचायत सदस्य थे। वह काफी दिनों से परेशान चल रहे थे।
रविवार दोपहर घर के कमरे में तमंचे से अपने हाथों से सिर में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तो वह मृत अवस्था में पड़ा था। सूचना पर कुंडा क्राइम इंस्पेक्टर संजय सिंह, मनगढ़ चौकी इंचार्ज रवि शंकर तिवारी मयफोर्स मौके पर पहुंचे। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने पहुंच कर जांच की। सीओ कुण्डा अजीत सिंह ने पहुंचकर घटना के सम्बन्ध में घर वालों से जानकारी ली। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक के पिता ओम प्रकाश सरोज ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि तीन लोगों ने उससे लाखों रुपये लिए थे। पैसा वापस न मिलने से वह परेशान रहता था। इसीलिए खुदकुशी कर लिया। कुण्डा कोतवाल कमलेश पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की पुणे में मौत,हत्या का आरोप
इलाके के मियां का पुरवा पनाहनगर गांव निवासी धर्मराज (20) पुत्र स्व.रामनरेश सरोज पुणे में बिल्डिंग का कार्य करता था। शुक्रवार को कार्य के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार की सुबह धर्मराज का शव गांव पहुंचा तो परिजन बेहाल हो गए। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुणे पुलिस को तहरीर दी है। धर्मराज अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा है। मृतक के भाई प्रभु सरोज, राजेश्वर सरोज, हेमराज सरोज, मिथुन सरोज समेत परिजन बिलखते रहे।
युवक ने फंदे से लटक कर दी जान
क्षेत्र के ताजपुर ग्राम सभा अंतर्गत सगरा पुरवा निवासी वीरेंद्र यादव (27) पुत्र शालिक यादव शनिवार की रात किसी बात को लेकर परिजनों से नाराज हो गया। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया और फंदे से लटक कर जान दे दी। कुछ देर बाद घर वाले उसके कमरे में गए तो देखा कि वह फंदे से लटक रहा था जिसे देख परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे। उसे नीचे उतार कर सीएचसी कुंडा ले आए। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में मातम छा गया।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज : एटीएम मशीन में लोहे की प्लेट डालकर निकालते थे रुपये, तीन गिरफ्तार
