Banda News: प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए कार्यालय में दिया धरना, मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीएसए को सौंपा
बांदा में प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए कार्यालय में दिया धरना।
बांदा में प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए कार्यालय में धरना दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित अट्ठारह सूत्रीय ज्ञापन बीएसए को सौंपा। गैरशैक्षणिक कार्यों से छुटकारा और पुरानी पेंशन बहाली की मांग की।
बांदा, अमृत विचार। सरकार सिर्फ दो बातें सोचना शुरू कर दें, कि यदि शिक्षकों से गैर शैक्षणिक एवं अनावश्यक कार्य न कराये जाएं और शिक्षकों को केवल शिक्षण कार्य करने दिया जाए साथ ही उनके बुढ़ापे को सुव्यवस्थित करते हुए पुरानी पेंशन दे दी जाए तो बेसिक शिक्षा विभाग में आमूल-चूल परिवर्तन हो जायेगा।
यह बात जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा संपूर्ण उत्तर प्रदेश की तरह पुरानी पेंशन समेत अपने 18 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आयोजित धरने में कही। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्य को प्रदान किया।
धरने को संबोधित करते हुए संघ के जिला मंत्री प्रजीत सिंह ने कहा की यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाता तो आने वाले समय में संघर्ष का स्वरूप बड़ा किया जायेगा। संयुक्त मंत्री जय दीक्षित ने कहा की संघर्ष से सब कुछ प्राप्त किया जा सकता है। हमें विश्वास है कि धरने की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री उनकी मांगों को अवश्य मानेंगे।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमाशंकर यादव ने कहा कि जब बच्चों का नामांकन बढ़ता है तो सरकार अपनी पीठ थपथपाती है, लेकिन जब घटता है तो अध्यापकों पर कार्यवाही की जाती है।
धरने को जिला कोषाध्यक्ष रामसुफल कश्यप, तहसील प्रभारी सदर रमेश सिंह पटेल, अंजना तिवारी, नरेंद्र सोनी, सुशील मिश्रा, रजनी जैन, पूनम यादव, निकहत रसीद, इदरीश मोहम्मद, राजवीर सिंह, छोटेबाबू प्रजापति, अशोक अग्निहोत्री, शिवसागर साहू, राजेश तिवारी, देवेशस्वरूप निगम, विनयप्रताप सिंह, बृजकिशोर अग्निहोत्री, श्रीधर गुप्ता, संजय कुमार, शिवकुमार पांडेय, सुधीर श्रीमाली, धर्मेश मिश्रा आदि ने भी संबोधित किया। संचालन ब्लॉक अध्यक्ष तिंदवारी हरवंश श्रीवास्तव ने किया।
