रुद्रपुर: नगर निगम ने अटरिया रोड पर किया अतिक्रमण ध्वस्त, हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नजूल की भूमि पर बगैर फ्री होल्ड कराए कराया जा रहा था अवैध निर्माण

रुद्रपुर, अमृत विचार। नगर निगम की टीम ने अटरिया रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने निर्माणाधीन अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया है। टीम की इस कार्रवाई से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा है वह भाजपा नेता का करीबी है।

मंगलवार को नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी के नेतृत्व में निगम की टीम के जगतपुरा वार्ड में अटरिया रोड पर पहुंची। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान काफी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था। हालांकि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार का बबाल न हो इसको लेकर काफी सर्तकता बरती गयी थी। वहीं टीम ने वहां पहुंचे ही अटरिया रोड स्थित कल्याणी नदी के पास करीब 400 स्क्वायर फिट में बनाये जा रहे अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के बाद सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि नजूल भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ निगम ने यह कार्रवाई की है। इसकी शिकायत पूर्व में क्षेत्र के लोगों ने नगर आयुक्त से की थी। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि यह अवैध निर्माण कौशल शर्मा नाम के व्यक्ति द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पाया गया कि संबंधित व्यक्ति ने भूमि का फ्री होल्ड कराए बिना ही अवैध निर्माण कराया जा रहा था। उन्होंने कहा कि शहर में अतिक्रमण किसी भी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर निगम के जेई सुरेश कुमार, मनोज गहतोड़ी, गौतम आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार