प्रयागराज: अधिवक्ता बुधवार से करेंगे न्यायिक कार्य, हड़ताल समाप्ति की घोषणा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। हापुड़ कांड को लेकर उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के आवाहन पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के सभी प्रवेश द्वारों पर एकत्रित होकर  अधिवक्ताओं ने दिनांक 5 सितंबर 2023 (मंगलवार) को जोरदार ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे न्याय कक्षों में माननीय न्यायमूर्तियों ने अधिवक्ताओं की अनुपस्थिति एवं हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के न्यायिक कार्य से विरत रहने के निर्णय पर अपना सहयोग प्रदान किया।

अधिवक्ताओं ने उच्च न्यायालय द्वारा हापुड़ प्रकरण का स्वत: संज्ञान लिए जाने पर संतोष प्रकट किया, लेकिन अधिवक्ता इस बात पर अधिक असंतुष्ट रहे कि पुलिस लगातार अधिवक्ता संघ के शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने और प्रदेश भर में फर्जी तथा मनगढ़ंत मुकदमा पंजीकृत करने का कार्य कर रही है।

इसके साथ ही 4 सितंबर 2023 को पारित आदेश में हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि हापुड़ प्रकरण में अवकाश प्राप्त पूर्व जनपद न्यायाधीश हरिनाथ पांडेय एसआईटी के सदस्य के रूप में कार्य करेंगे और इंक्वारी रिपोर्ट अग्रिम तिथि 13 सितंबर 2023 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। अधिवक्ताओं के विरुद्ध कोई भी उत्पीड़नात्मक कार्यवाही ना की जाए और पुलिस अधीक्षक हापुड़ अधिवक्ताओं के द्वारा दी गई शिकायत को पंजीकृत करें तथा विधि के अनुसार उस पर जांच करें।

अधिवक्ताओं ने हाई कोर्ट के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। अंत में कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति के साथ निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता 6 सितंबर 2023 (बुधवार) से न्यायिक कार्य करेंगे और कोर्ट से अपेक्षा की गई है कि वह कोई भी प्रतिकूल आदेश पारित नहीं करेंगे। उक्त जानकारी हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव (प्रेस) अमरेंदु सिंह ने दी है। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अन्य सदस्य व बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: 9 सितंबर को लोक अदालत, प्रचार वाहन रवाना

संबंधित समाचार