Unnao News: फर्जी खुलासा कर तीन निर्दोष को भेजा जेल, एसपी ने एसओ समेत चार को किया लाइन हाजिर
उन्नाव में फर्जी खुलासा करने वाले एसओ समेत चार लाइन हाजिर।
उन्नाव में फर्जी खुलासा करने वाले एसओ समेत चार को लाइन हाजिर कर दिया। सभी पर इंजन चोरी का फर्जी खुलासा कर तीन निर्दोषों को जेल भेजने का आरोप है।
उन्नाव, अमृत विचार। इंजन चोरी के खुलासे में थाना बारासागवर पुलिस पर गंभीर आरोप लगे थे। विधानसभा अध्यक्ष ने आईजी से पूरे मामले की जांच करने को कहा गया था। जिसके बाद एसपी ने एसओ समेत तीन सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया।
एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना की कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है। थाना बारासगवर अंतर्गत इंजन चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच बारासागवर थाना के दारोगा रमेश चंद्र मालवीय व अन्य पुलिस कर्मियों ने इंजन चोरी के खुलासे का दावा करते हुए बताया गया था कि एक लोडर से चोरी के दो इंजन बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र पुत्र पुरुषोत्तम निवासी नौगवां थाना महाराजपुर कानपुर नगर, रामबाबू पुत्र राम सहाय निवासी भीखीखेड़ा थाना बारासगवर उन्नाव और मो. वकील पुत्र गरीबुद्दीन निवासी गांव मानपुर मछरिया कानपुर नगर हाल पता गांव टेढ़ा थाना बारासगवर को गढ़ेवा पुल के पास से गिरफ्तार किया गया था। तीनों को पुलिस ने जेल भेजा था।
पकड़े गए धर्मेंद्र के परिजनों ने मामले को फर्जी बता अपने क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत की थी। उन्होंने आईजी लखनऊ जोन को मामले की जांच के आदेश दिये थे। गैर सर्किल के सीओ की जांच में पूरा मामला खुल गया। जिसके बाद एसपी ने पहले दारोगा को लाइन हाजिर किया।
इसके बाद मामले में एसओ ब्रज मोहन सैनी की भी संलिप्तता मिलने पर एसओ को भी देर रात एसपी ने लाइन का रास्ता दिखा दिया। साथ ही खुलासे में शामिल रहे सिपाहियों असलम, समर बहादुर व निशांत को भी लाइन भेजा है। वहीं बारासगवर थाना की कमान दिलीप कुमार को दी गई है।
